Ben Stokes 100th Test Match vs India: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की सीरीज का तीसरा टेस्ट गुरुवार से राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन मैदान में खेला जाएगा। सीरीज की शुरुआत इंग्लैंड ने हैदराबाद में जीत के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच में मेजबान टीम इंडिया ने धमाकेदार वापसी करते हुए सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। ऐसे में ब्रेक के बाद सीरीज का तीसरा टेस्ट खेला जाएगा। दोनों टीमों की नजर इस मुकाबले में जीत के साथ सीरीज में बढ़त बनाने पर है। राजकोट टेस्ट बेन स्टोक्स के करियर का 100वां टेस्ट भी होगा।
बेन स्टोक्स
100 टेस्ट खेलने वाले 15वें इंग्लिश प्लेयर
बेन स्टोक्स 100 टेस्ट मैच खेलने वाले इंग्लैंड के 15वें खिलाड़ी बनेंगे। इंग्लैंड के लिए 713 खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट खेल चुके हैं। अबतक उनमें से केवल 14 प्लेयर ही 100 टेस्ट खेलने की उपलब्ध हासिल कर पाए हैं। जेम्स एंडरसन(184), स्टुअर्ट ब्रॉड(167), एलेस्टर कुक(161), जो रूट (137), एलेक स्टीवर्ट( 133), इयान बेल(118), ग्राहम गूच(118), डेविड गॉवर(117), माइकल आर्थटन(115), माइकल कॉउड्रे(114), जेफरी बायकॉट(108), केविन पीटरसन(104), इयान बॉथम(102), एंड्रर्यू स्ट्रॉस(100) और ग्राहम थोर्प(100) ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
ऐसा रहा है स्टोक्स का करियर
बेन स्टोक्स ने अपने टेस्ट करियर का आगाज साल 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड में किया था। 10 साल बाद स्टोक्स 100वां टेस्ट खेलने की उपलब्धि हासिल करने में सफल होंगे। अबतक खेले 99 टेस्ट मैच में स्टोक्स ने 179 पारियों में 36.34 के औसत से 6251 रन बनाए हैं। जिसमें 13 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। 258 उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। स्टोक्स ने इसी दौरान 146 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 32.07 के औसत से 197 विकेट भी चटकाए हैं। उनका गेंदबाजी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर 6 विकेट रहा है। टेस्ट क्रिकेट में 200 विकेट का आंकड़ा छूने से स्टोक्स 3 विकेट दूर हैं। 100वें टेस्ट में स्टोक्स 200 टेस्ट विकेट भी पूरे कर सकते हैं। मैच की पूर्व संध्या पर स्टोक्स गेंदबाजी का अभ्यास करते हुए दिखे।
