IPL 2025 Replacement Rule Change: भारतीय प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के दूसरे चरण में एक बड़े बदलाव के साथ वापसी करने जा रहा है। लीग 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (RCB) के बीच मैच के साथ शुरू होगी, लेकिन कई टीमों को अपने विदेशी खिलाड़ियों के बिना खेलना पड़ सकता है।
बीसीसीआई रुल चेंज (फोटो- PTI)
विदेशी खिलाड़ियों की अनुपस्थिति
आईपीएल के 8 दिन के ब्रेक के बाद कई विदेशी खिलाड़ी अपने देश लौट गए हैं। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की तैयारी में जुटेंगे, वहीं इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच ODI और T20I सीरीज होनी है। इस वजह से कई टीमों के लिए प्लेऑफ़्स तक अपने स्टार खिलाड़ियों को वापस लाना मुश्किल होगा।
दिल्ली कैपिटल्स ने किया पहला बदलाव
दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पहले ही जेक फ्रेजर-मैकगर्क की जगह मुस्तफिजुर रहमान को टीम में शामिल कर लिया है। मैकगर्क व्यक्तिगत कारणों से टूर्नामेंट में वापस नहीं आ रहे हैं।
बीसीसीआई ने बदला रिप्लेसमेंट नियम
ESPNcricinfo की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने टीमों को टूर्नामेंट के अंत तक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी साइन करने की अनुमति दे दी है। पहले के नियम के अनुसार, टीमें सीजन के 12वें मैच तक ही इंजरी रिप्लेसमेंट ले सकती थीं, लेकिन अब यह सीमा हटा दी गई है।
हालांकि, बीसीसीआई ने एक नया नियम जोड़ा है – अब से साइन किए गए किसी भी रिप्लेसमेंट प्लेयर को 2026 सीजन के लिए रिटेन नहीं किया जा सकेगा। यानी, ये खिलाड़ी सिर्फ इसी सीजन के लिए टीम का हिस्सा बनेंगे। वहीं, लीग के सस्पेंड होने से पहले साइन किए गए खिलाड़ी अगले सीजन के लिए रिटेन होने के पात्र होंगे।
बीसीसीआई का यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि फ्रेंचाइजीज सस्ते दामों पर खिलाड़ियों को साइन करके उन्हें अगले सीजन के लिए रिटेन न कर सकें। आईपीएल ने फ्रेंचाइजीज को भेजे एक ईमेल में कहा, "विदेशी खिलाड़ियों की अनुपस्थिति को देखते हुए, टेम्पररी रिप्लेसमेंट प्लेयर्स को टूर्नामेंट के अंत तक की अनुमति दी जाती है। हालांकि, इन खिलाड़ियों को 2026 सीजन के लिए रिटेन नहीं किया जा सकेगा। उन्हें 2026 की आईपीएल नीलामी में रजिस्टर करना होगा।"
