बीसीसीआई ने दो पुरुष और चार महिला चयनकर्ताओं के लिए मांगे आवेदन

बीसीसीआई ने पांच सदस्यीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चयन समिति में दो पदों के लिए आवेदन मंगाए हैं। चयनकर्ता पद के लिए पात्रता मानदंडों में पिछले कुछ वर्षों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को पांच सदस्यीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चयन समिति में दो पदों के साथ-साथ महिला पैनल में चार पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए। चयनकर्ता पद के लिए पात्रता मानदंडों में पिछले कुछ वर्षों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। आवेदकों को कम से कम सात टेस्ट मैच या 30 प्रथम श्रेणी मैच खेलने चाहिए। इसके अलावा कम से कम 10 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच या 20 प्रथम श्रेणी मैच खेलने वाले उम्मीदवारों के नाम पर भी विचार किया जा सकता है।

BCCI

बीसीसीआई (साभार-X)

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘‘चयनकर्ताओं के अनुबंध का हर साल नवीनीकरण किया जाता है। हमने अभी तक यह तय नहीं किया है कि किन चयनकर्ताओं को बदला जाएगा, लेकिन यह प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।‘‘ वर्तमान में पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अजीत अगरकर हैं और इसमें एसएस दास, सुब्रतो बनर्जी, अजय रात्रा और एस शरथ शामिल हैं। इस समिति ने हाल में एशिया कप के लिए टीम का चयन किया था।

End of Feed