क्रिकेट

BBL Schedule: ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग का शेड्यूल जारी, पहली बार भारत में खेला जाएगा ओपनिंग मैच

ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग 16 के मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। ओपनिंग मैच पहली बार भारत के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद बाकी के मैच ऑस्ट्रेलिया के 10 अलग-अलग वेन्यू पर खेले जाएंगे। प्लेऑफ के मैचों के लिए अभी तक वेन्यू का ऐलान नहीं किया गया है।

Image

बीबीएल 16 का शेड्यूल जारी। फोटो- BBL

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिग बैश लीग (BBL) के 16नें सीजन का शेड्यूल जारी किया है। बिग बैश लीग का पहला मैच भारत के चेपॉक क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब भारत किसी विदेश क्रिकेट लीग को होस्ट करेगा। 12 दिसंबर को एमए चिदंबरम स्टेडियम में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगी। इसके बाद के मुकाबले ऑस्ट्रेलिया में खेले जाएंगे।

बिग बैश लीग का 16वां सीजन 12 दिसंबर 2026 से शुरू होगा। इसका फाइनल मुकाबला 26 जनवरी को खेला जाएगा। लगभग 46 दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 44 मैच खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के 10 वेन्यू पर इसके मैच आयोजित किए जाएंगे। 15 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया में इस सीजन के मैचों की शुरुआत होगी। यहां पहला मुकाबला ब्रिस्बेन हीट और सिडनी सिक्सर्स के बीच खेला जाएगा।

19 जनवरी से होंगे प्लेऑफ के मुकाबले

लीग स्टेज के आखिरी मैच 16 और 17 जनवरी को खेले जाएंगे, जिनमें रोज दो-दो मुकाबले होंगे। इसके बाद 19 जनवरी से प्लेऑफ के मुकाबले शुरू होंगे, जिसमें 19 तारीख को क्वालिफायर, 20 तारीख को नॉकआउट और 23 जनवरी को चैलेंजर मैच होगा। वहीं, आगामी सीजन का फाइनल मुकाबला 26 जनवरी को खेला जाएगा। प्लेऑफ मैचों के लिए अभी तक वेन्यू का ऐलान नहीं किया गया है।

क्रिसमस और न्यू ईयर ईव पर धमाकेदार मैच

सीजन के पहले 11 मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस बार क्रिसमस के दिन मेलबर्न रेनेगेड्स और होबार्ट हरिकेंस आमने-सामने होंगे। बॉक्सिंग डे (26 दिसंबर) के मौके पर डबल हेडर खेला जाएगा। साल के आखिरी दिन यानी न्यू ईयर ईव (31 दिसंबर) की शाम को एडिलेड स्ट्राइकर्स का सामना मेलबर्न स्टार्स से होगा। नए साल के पहले दिन (1 जनवरी) भी फैंस को डबल हेडर देखने को मिलेगा।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article