क्रिकेट

लॉर्ड्स में भारतीय महिला टीम की यादगार जीत और यास्तिका के ऐतिहासिक शतक पर कोच मजूमदार का बयान, बताया कैसे जीते

Amol Muzumdar On Indian Women Victory At Lord's: इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर पहली बार खेले गए महिला टेस्ट मैच में भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को हराकर नया इतिहास रचा। भारतीय टीम के रणनीतिकार व मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने इस जीत के बाद क्या कुछ कहा, यहां जानिए।

Image

ट्रॉफी के साथ लॉर्ड्स की बालकनी पर भारतीय महिला टीम के कोच अमोल मजूमदार और कप्तान हरमनप्रीत कौर (Instagram/Indiancricketteam)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारत को संतुलित आक्रामकता अपनाने के कारण बड़ी जीत मिली। उन्होंने शतकवीर यास्तिका भाटिया की ’विशेष पारी’ और तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ की ’नियंत्रित लाइन व लेंथ’ की भी सराहना की। क्रांति ने मैच में सात विकेट लिए जबकि भाटिया ने दूसरी पारी में शतक जमाकर भारत की 270 रन से बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।

मजूमदार ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, "आप ऐसा कह सकते हैं कि यह एक शानदार मैच था। हमने अच्छी बल्लेबाजी की, बेहतरीन गेंदबाजी की और उससे भी बेहतर फील्डिंग की। यह हमारे लिए एक अच्छा मैच था। हमने ’बेसिक्स’ (बुनियादी बातों) का अच्छी तरह से पालन किया। हमने बल्लेबाजी में अनुशासित रवैया अपनाया और गेंदबाजी में भी अनुशासित रहे। हमने अच्छी और नियंत्रित लाइन व लेंथ से गेंदबाजी की। इसलिए मुझे लगता है कि यह इस जीत का एक प्रमुख कारण था।"

भाटिया की दूसरी पारी में 158 गेंदों पर 113 रन की शानदार पारी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के सामने 457 रन का विशाल लक्ष्य रखा। मेजबान टीम 62.5 ओवरों में मात्र 186 रन ही बना सकी। मजूमदार ने कहा, "मुझे लगता है कि यह विशेष पारी थी। लॉर्ड्स में खेलना और शानदार प्रदर्शन करना। एक ऐसा प्रदर्शन जिसे वह (भाटिया) और टीम के सभी सदस्य हमेशा याद रखेंगे। जिस तरह से वह चोट से उबर कर वापस आई है, उससे मैं वास्तव में प्रभावित हुआ हूं। उसका शॉट चयन शानदार था। उसने अपनी पारी को बहुत अच्छी तरह से संभाला। इसलिए मुझे लगता है कि यह एक बेहतरीन पारी थी।"

क्रांति ने पहली पारी में 37 रन देकर पांच और दूसरी पारी में 54 रन देकर दो विकेट लिए और उन्हें मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। मजूमदार ने कहा, "मुझे लगता है कि क्रांति ने जिस तरह का नियंत्रण दिखाया वह शानदार था। वह बहुत अच्छी लय में थी। उसकी अपनी लाइन व लेंथ पर शानदार नियंत्रण था और उसने शॉर्ट पिच गेंद करने की गलती नहीं की।"

मजूमदार से जब पूछा गया कि क्या भारत ने मैच से पहले अपनी बल्लेबाजी पर काम किया था, उन्होंने कहा, "हम सभी जानते हैं कि बल्लेबाजी हमारी ताकत है। हमारे पास कुछ बेहतरीन विश्व स्तरीय बल्लेबाज हैं। स्मृति (मंधाना), जेमी (जामिमा रोड्रिग्स), हरमन (हरमनप्रीत कौर), दीप्ति (शर्मा), शेफाली (वर्मा), और ऋचा (घोष) के योगदान को नहीं भूलना चाहिए। यह सभी विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं।"

उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भाटिया की विकेटकीपर के रूप में भूमिका के बारे में कहा, "यास्तिका जब भी उपलब्ध होती थी, वह हमारी पहली पसंद की विकेटकीपर होती थी। उसने इसे बहुत अच्छी तरह से साबित किया।" महिलाओं के लिए भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप शुरू करने की संभावना के बारे में मजूमदार ने कहा, "अगर ऐसा होता है तो हमें बहुत खुशी होगी। टेस्ट क्रिकेट इस खेल का सर्वश्रेष्ठ प्रारूप है।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article