कोलंबो में खेले गए सुपर फोर के आखिरी मैच में बांग्लादेश ने बड़ा उलटफेर करते हुए टीम इंडिया को 12 साल बाद एशिया कप में हार थमा दी। टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 266 रन का लक्ष्य था, लेकिन शुभमन गिल की शानदार 121 रन की पारी के बावजूद टीम इंडिया 1 गेंद पहले 259 रन बनाकर आउट हो गई।
शाकिब अल हसन के नेतृत्व में बांग्लादेश(साभार-ICC)
गिल के अलावा आखिर में अक्षर पटेल ने 34 गेंद पर 42 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम इंडिया की उम्मीदों को जिंदा रखा, लेकिन वह मैच फिनिश नहीं कर पाए। टीम इंडिया को आखिरी दो ओवर में 17 रन की दरकार थी, लेकिन 49वें ओवर की तीसरी गेंद पर मुस्तफिजुर ने अक्षर को आउट कर टीम इंडिया को हार थमा दी। एशिया कप 2023 में टीम इंडिया की यह पहली हार है। बांग्लादेश की ओर से मुस्तफिजुर रहमान ने सर्वाधिक 3 जबकि मेहदी हसन और तंजिम हसन ने 2-2 विकेट चटकाए।
बांग्लादेश की पारी, शाकिब का अर्धशतक
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने कप्तान शाकिब अल हसन (80 रन) और तौहिद हृदय (54 रन) के अर्धशतकीय पारी की बदौलत 50 ओवर में आठ विकेट पर 265 रन बनाये। बांग्लादेश ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद 59 रन पर चार विकेट गंवा दिये थे लेकिन शाकिब ने 85 गेंद में 80 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला और तौहिद ने 81 गेंद में 54 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 101 रन की भागीदारी निभायी।
बांग्लादेश के लिए शाकिब के अलावा नसुम अहमद ने 44 और मेहदी हसन ने नाबाद 29 रन का योगदान दिया। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन और मोहम्मद शमी ने दो विकेट हासिल किये। प्रसिद्ध कृष्णा, अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा को एक एक विकेट मिला।
(भाषा इनपुट के साथ)
