क्रिकेट

BAN vs AUS Highlights: बांग्लादेश ने 21 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को पटखनी देकर रचा इतिहास

BAN vs AUS Highlights: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर 3 मैच की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। बांग्लादेश ने यह मुकाबला डकवर्थ लुईस नियम से अपने नाम किया।

Image

बांग्लादेश बनाम ऑस्ट्रेलिया (साभार-X)

BAN vs AUS Highlights: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर इतिहास रच दिया। बांग्लादेश ने बारिश से बाधित इस मैच को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 86 रन से अपने नाम किया। यह बांग्लादेश की घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में पहली और ओवरऑल दूसरी जीत है। उसने 21 साल बाद इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया को पटखनी दी। इससे पहले साल 2005 में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को इस फॉर्मेट में पहली हार थमाई थी।

ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 285 रन का लक्ष्य था, लेकिन बारिश से बाधित इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच रोके जाने तक 9 विकेट के नुकसान पर 191 रन ही बना पाई थी। उसके बाद बारिश के कारण मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। ऑस्ट्रेलिया की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता कि उसके 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं कर पाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरन ग्रीन के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया। ग्रीन ने 66 गेंद में 52 रन की पारी खेली। एलेक्स कैरी 47 रन बनाकर आउट हुए जबकि कूपर कॉनली ने 35 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से नाहिद राणा ने 4 जबकि मोसद्देक होसैन और मुस्तफिजुर रहमान ने 2-2 विकेट चटकाए हैं। मोसद्देक होसैन को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। होसैन ने 86 रन बनाने के अलावा 2 विकेट भी चटकाए।

इससे पहले टॉस ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंग्लिस ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनके गेंदबाज इस फैसले को सही साबित नहीं कर पाए। नतीजा बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मोसद्देक होसैन के 86 और नजमुल हसन शांतो के 67 रन की पारी के दम पर 8 विकेट के नुकसान पर 284 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। बांग्लादेश की ओर से तीसरा अर्धशतक तंजिद हसन तमीम ने जड़ा जिन्होंने 44 गेंद में 54 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने 3 और लियाम स्कॉट और मैट रेनशॉ ने 2-2 विकेट चटकाए। सीरीज का दूसरा मुकाबला 11 जून को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article