Asian Games 2026: 20वें एशियन गेम्स का आगाज 17 सितंबर से जापान के आइची-नागोया में होगा और क्रिकेट के सभी मुकाबले कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे। जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए बांग्लादेश ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मेंस क्रिकेट इवेंट के लिए 15 खिलाड़ियों की T20 टीम घोषित कर दी है। टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास के हाथों में सौंपी गई है।
बांग्लादेश ने एशियन गेम्स के लिए चुनी टीम (फोटो साभार- ICC)
पिछले एशियन गेम्स में जीता था ब्रॉन्ज
बांग्लादेश ने पिछले एशियन गेम्स 2023 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस बार टीम की नजरें गोल्ड पर हैं। रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश, भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और अफगानिस्तान के साथ सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुका है। मेजबान जापान को भी सीधा प्रवेश मिला है। बांग्लादेश अपना पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेलेगा।
तय था लिटन दास का कप्तान बनना
लिटन दास की कप्तान के तौर पर वापसी तय थी। वह हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली दो T20 सीरीज में नहीं खेल पाए थे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम ने जिम्बाब्वे दौरे पर 2-1 से सीरीज भी अपने नाम की थी। अब फिट होकर वह फिर से टीम की अगुवाई करेंगे। इस सेलेक्शन में दो बड़े नामों की वापसी ने सबका ध्यान खींचा है - नजमुल हुसैन शांतो और हसन महमूद।
शांतो के लिए पिछले कुछ महीने काफी उतार-चढ़ाव वाले रहे। T20 में लगातार 19 पारियों में फिफ्टी न आने के बाद उनसे कप्तानी छीन ली गई थी और मई 2025 के बाद वह T20 टीम से बाहर थे। लेकिन पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन टेस्ट में उन्होंने ऐतिहासिक जीत में अहम अर्धशतक लगाया, जिसके बाद बांग्लादेश ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट जीतने वाली तीसरी एशियाई टीम बनी। उसी मैच में हसन महमूद ने गेंद से कहर बरपाते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था।
एशियन गेम्स 2026 के लिए बांग्लादेश की T20 टीम
:लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन तमीम, परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, नजमुल हुसैन शांतो, तौहीद ह्रदोय, मोसादेक हुसैन सैकत, यासिर अली, रिशाद हुसैन, शेख मेहदी हसन, नासुम अहमद, मोहम्मद सैफुद्दीन, शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान और हसन महमूद।
