Afghanistan vs Bangladesh (AFG vs BAN) Pitch Report Gaddafi Stadium, Lahore Weather: एशिया कप 2023 में आज टूर्नामेंट का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। अफगानिस्तान का ये टूर्नामेंट में पहला मुकाबला होगा। जबकि बांग्लादेश इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ मैच खेल चुका है और वहां उसे हार का सामना करना पड़ा था। बांग्लादेश को अगले राउंड में जाने के लिए आज का मैच जीतना ही होगा। ये मुकाबला ग्रुप-बी का है।
अफगानिस्तान-बांग्लादेश मैच पिच रिपोर्ट
अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। बांग्लादेश ने इससे पहले अपना मुकाबला श्रीलंकाई जमीन पर खेला था, अब वो पाकिस्तान पहुंचे हैं और उन्हें लाहौर में मैच खेलना है। ऐसे में हालातों के साथ भी उन्हें खुद को ढालना होगा। आइए जानते हैं कि आज के मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी और कैसा होगा लाहौर का मौसम।
अफगानिस्तान और बांग्लादेश की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (AFG vs BAN Pitch Report)
आज का मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान की पिच की बात करें तो यहां बल्लेबाजों की बल्ले-बल्ले होती आई है। बल्लेबाज यहां रनों की बारिश कर सकते हैं। पिछले साल जब ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम यहां आई थी तब वनडे सीरीज की छह पारियों में यहां पर तीन पारियों में 300 रन का आंकड़ा पार हुआ था। इसके अलावा इसी साल अप्रैल में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच हुई टी20 सीरीज में भी काफी हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिले थे। हालांकि मध्य के ओवरों में स्पिनर्स कुछ कमाल जरूर कर सकते हैं।
आज कैसा होगा लाहौर का मौसम? (Lahore Weather Today)
अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले जाने वाले इस मैच में उनके फैंस व खिलाड़ियों की नजरें मौसम पर भी रहेंगी। श्रीलंका में तो भारत-पाकिस्तान मैच बारिश के कारण पहली पारी के बाद रद्द करना पड़ा लेकिन यहां पाकिस्तान में ऐसे हालात नहीं हैं। लाहौर में मौसम साफ रहने का अनुमान है और बारिश की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं है। उमस भी ज्यादा नहीं रहेगी, दिन भर धूप खिली रहने की उम्मीद है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूजतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है।
