ENG vs AUS 2nd Test day 3: पहली पारी में 325 रन पर ढेर हुआ इंग्लैंड, दूसरी पारी में कंगारुओं ने बनाए 130 रन

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 1, 2023, 12:10 AM IST

ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन ही अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। खराब रोशनी की वजह से तीसरे दिन का खेल जल्दी खत्म हो गया लेकिन कंगारुओं ने अपने पांव एक बार फिर जीत की ओर बढ़ा दिए हैं।

लंदन: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। तीसरे दिन इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी में बनाए 416 रन के जवाब में 325 रन पर ढेर हो गई। पहली पारी में 91 रन की बढ़त हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन खराब रोशनी की वजह से खेल रोके जाने तक दूसरी पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 130 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम के पास कुल 221 रन की बढ़त हो गई है। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 58 और पहली पारी में शतक जड़ने वाले स्टीव स्मिथ 6 रन बनाकर नाबाद हैं।

Australia Cricket team

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम

16.2 ओवर में इंग्लैंड ने गंवाए 6 विकेट

तीसरे दिन 4 विकेट पर 278 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरी इंग्लैंड की टीम पहले ही सत्र में 16.2 ओवर में 47 रन जोड़कर ढेर हो गई। इंग्लैंड ने जल्दी जल्दी 6 विकेट गंवा दिए। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों ने चोटिल नॉथन लॉयन की कमी टीम को नहीं खलने दी। मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। जोश हेजलवुड और ट्रेविस हेड के खाते में 2-2 विकेट आए। वहीं एक-एक सफलता पैट कमिंस, नाथन लॉयन और कैमरन ग्रीन के खाते में गया। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा 98 रन बेन डकेट ने बनाए। वहीं हैरी ब्रूक ने 50 और जैक क्रॉले ने 48 रन की पारी खेली।

End of Feed