IND vs ENG 5th Test: टेस्ट में डेब्यू के लिए तैयार है टी20 में टीम इंडिया का सबसे सफल बॉलर

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले 5वें टेस्ट में टीम इंडिया की ओर खिलाड़ी डेब्यू करने के लिए तैयार है। चौथे टेस्ट में ही उनके पास खेलने का मौका था, लेकिन इंजरी के कारण वह ऐसा नहीं कर पाए। अब ओवल में उनका खेलना लगभग तय माना जा रहा है। टी20 में वह पहले ही खुद को साबित कर चुके हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच आखिरी टेस्ट 31 जुलाई से लंदन ओवल में खेला जाएगा। भारतीय टीम जिस फॉर्म में है उसके पास सीरीज में बराबरी करने का मौका है। इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह के खेलने पर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन फैंस के एक खुशखबरी यह है कि टी20 क्रिकेट में टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। अगर आप क्रिकेट को थोड़ा भी करीब से जानते हैं तो आपको पता होगा कि हम और किसी की नहीं बल्कि अर्शदीप सिंह की बात कर रहे हैं। वह 93 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 99 विकेट लेकर टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज हैं।

ind vs eng arshdeep singh

अर्शदीप सिंह (साभार-X BCCI)

फिट हो चुके हैं अर्शदीप सिंह

टाइम्स ऑफ इंडिया की मानें तो अर्शदीप सिंह आखिरी दो टेस्ट के लिए टीम मैनेजमेंट के रडार पर थे, लेकिन चौथे टेस्ट से ठीक पहले उन्हें हाथ में चोट लग गई थी, लेकिन वह अब पूरी तरह से फिट हो चुके हैं। मंगलवार को उन्होंने नेट्स पर गेंदबाजी भी की। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि जसप्रीत बुमराह के अनुपस्थिति में अर्शदीप सिंह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे। अर्शदीप के अलावा ओवल, लंदन में मोहम्मद सिराज और आकाशदीप दो अन्य पेसर होंगे। आकाशदीप को भी चोट लगी थी, लेकिन अब वह वापसी के लिए तैयार हैं।

End of Feed