एक खराब मैच से तय नहीं होता करियर, POTM जीतने वाले भारतीय पेसर कंबोज का आलोचकों को जवाब

टीम इंडिया के पेसर अंशुल कंबोज ऑकलैंड वनडे में प्लेयर ऑफ द मैच बने। मैच के बाद उन्होंने बताया कि इस फॉर्मेट में खराब शुरुआत ने उन्हें सुधार करने के लिए प्रेरित किया। पहले मुकाबले में वह बहुत महंगे साबित हुए थे।

भारतीय तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज अपने शुरुआती एक दिवसीय करियर में अच्छे और खराब दोनों दौर देख चुके हैं। बुधवार को उन्होंने बताया कि कैसे 50 ओवर के प्रारूप में उनका निराशाजनक पदार्पण खेल में सुधार करने की प्रेरणा बना। कंबोज ने पिछले महीने मुल्लांपुर में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पदार्पण एक दिवसीय मैच में नौ ओवर में 82 रन लुटाए थे। हालांकि उन्होंने यहां ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर इसकी भरपाई की। कंबोज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की पांच विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाते हुए 10 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट हासिल किए। कंबोज ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ’’एक खराब मैच से किसी खिलाड़ी का करियर तय नहीं होता। मैंने हमेशा की तरह अपनी प्रक्रिया पर ध्यान दिया। एक मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने का मुझ पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।’’

ANSHUL KAMBOJ

अंशुल कंबोज (साभार-x)

उन्होंने कहा, ’’बल्कि इससे मुझे बेहतर करने की काफी प्रेरणा मिली और उन क्षेत्रों को समझने में मदद मिली जिनमें मुझे सुधार करने की जरूरत है। नतीजे हमेशा आपके पक्ष में नहीं होते।’’ वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच के बाद सोशल मीडिया पर हुई आलोचना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ’’मैं इन चीजों पर ज्यादा ध्यान नहीं देता। मेरा ध्यान अपने क्रिकेट और गेंदबाज के तौर पर खुद को बेहतर बनाने पर रहता है। लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं या क्या कहते हैं मैं उस पर ज्यादा ध्यान नहीं देता। इसलिए इससे मुझे कोई खास फर्क नहीं पड़ता।’’

End of Feed