एलिस्टर कुक ने कहा, वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी की है टेस्ट क्रिकेट को जरूरत, नहीं देखा ऐसा प्लेयर

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा खिलाड़ी अपने जीवन में नहीं देखा। टेस्ट क्रिकेट को वैभव जैसे प्रेरणादायी क्रिकेटर की जरूरत है।

गुरुग्राम: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक का मानना है कि भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी में भविष्य में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनने की क्षमता है और वह सिर्फ टी20 अंतरराष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में यह मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा,'मैंने सूर्यवंशी की तरह किसी को बल्लेबाजी करते नहीं देखा है। उनकी हिटिंग में जो निरंतरता है और जिस तरह से वह तेजी से नीचे आती गेंदों पर भी छक्का जड़ देते हैं, उससे साफ है कि वह ऐसा लगातार कर सकते हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में तहलका मचा दिया है। आईपीएल में उनका रिकॉर्ड अविश्वसनीय है और आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट प्रतियोगिता है।'

Vaibhav Sooryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट BCCI X)

सफेद गेंद की तरह रेड बॉल क्रिकेट में छोड़ें छाप

कुक ने शनिवार को यहां क्वीन एलिजाबेथ स्कूल में एक शैक्षणिक कार्यक्रम की शुरुआत के मौके पर पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा, 'हर पीढ़ी को एक ऐसे प्रेरणादायक खिलाड़ी की जरूरत होती है, जिसे बच्चे अपना आदर्श मान सकें। अगर सूर्यवंशी तीनों प्रारूपों में ऐसा कर पाते हैं तो यह टेस्ट क्रिकेट के लिए भी अच्छा होगा। मैं चाहता हूं कि वह सफेद गेंद के साथ लाल गेंद के क्रिकेट में भी इसी तरह छाप छोड़ें।'

वैभव जैसे प्रेरणादायक खिलाड़ी की है टेस्ट क्रिकेट को जरूरत

कुक ने कहा, 'उनमें ऐसा हुनर है जो मैंने पहले कभी नहीं देखा। मुझे उम्मीद है कि उनके मन में यह चुनौती होगी कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी अपनी क्षमता को परखें। टेस्ट क्रिकेट को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो कुछ नया करने का प्रयास करने को तैयार हों। हो सकता है कि उन्हें इसमें सफलता नहीं मिले, लेकिन इसमें कोई बुराई नहीं है। वह सफेद गेंद के क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए हुए हैं और मुझे उम्मीद है कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी ऐसा कर सकते हैं। क्रिकेट को ऐसे ही किसी प्रेरणादायक खिलाड़ी की जरूरत है।'

टीम इंडिया को मान सकते हैं दुनिया की नंबर वन टीम

पिछले कुछ वर्षों में क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में भारत के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर कुक ने कहा, 'निश्चित रूप से भारत को इस सूची में सबसे ऊपर रखना होगा। भारतीय टीम में दुनिया के किसी भी हिस्से में मुकाबला करने की क्षमता है। ऑस्ट्रेलिया में टीम का रिकॉर्ड शानदार है और लंबे समय से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में उसका प्रदर्शन असाधारण रहा है। उनके (भारत के) पास मौजूद प्रतिभा के भंडार और खिलाड़ियों की संख्या को देखते हुए आप शायद उन्हें (भारत को) नंबर एक टीम मान सकते हैं।'

(भाषा)

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed