Rohit Sharma, MI IPL 2023: आईपीएल 2023 का आगाज होने वाला है और सभी टीमों के कप्तान अपनी कमर कस चुके हैं। अब आईपीएल एक बहुत बड़ा टूर्नामेंट बन चुका है और यहां भी कप्तान व खिलाड़ियों पर उम्मीदों का दबाव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जैसा ही होता है। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा भी टी20 के इस बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार हैं लेकिन दबाव का अब उन पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ता। इस बारे में उन्होंने क्या कुछ कहा, आइए जानते हैं।
रोहित शर्मा (MI)
सर्वाधिक पांच बार मुंबई इंडियंस को आईपीएल चैंपियन बनाने वाले टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि वह लोगों की अपेक्षाओं से परेशान नहीं होते।आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान रोहित को पता है कि मुंबई की टीम आगामी टूर्नामेंट में खिताब के प्रबल दावेदारों में शामिल होगी। रोहित टीम के युवा खिलाड़ियों को उस ‘हाइप’ से बचाना चाहते हैं जो टीम के साथ जुड़ी रहती है।
रोहित ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा, "जब भी आप खेलने के लिए उतरते हैं तो हमेशा आपसे उम्मीदें होती हैं। इतने वर्षों तक खेलने के बाद मैं इससे परेशान नहीं होता और मैं इसे लेकर चिंतित नहीं हूं कि लोग मेरे से क्या चाहते हैं।" रोहित ने कहा, "हमें पता है कि हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके ट्रॉफी जीतनी होगी। हमेशा इसके बारे में सोचने से आपके ऊपर दबाव बनता है।"
गौरतलब है कि पिछली बार मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और इस बार वो इसमें किसी भी हाल में सुधार करना चाहेंगे। टीम के कुछ खिलाड़ी आईपीएल से पहले चोटिल भी हुए जिसकी चिंता उनको जरूर सताएगी। इसमें जसप्रीत बुमराह का टूर्नामेंट से बाहर होना उनके लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय है, हालांकि जोफ्रा आर्चर के टीम में आने से काफी हद तक बुमराह की भरपाई मुमकिन नजर आती है। देखना दिलचस्प होगा कि इस बार उनका अभियान कैसा रहता है।
