नई दिल्ली, (भाषा)। बाएं हाथ के बल्लेबाज हशमतुल्लाह शाहिदी को मंगलवार को अफगानिस्तान की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया जो 6 जून से 20 जून तक भारत के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलेगी। जहां एकदिवसीय टीम में राशिद खान, रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान जैसे शीर्ष खिलाड़ी शामिल हैं तो वहीं टेस्ट टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का मिश्रण है जिसमें रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह उमरजई बल्लेबाजी क्रम की जान हैं।
अफगानिस्तान टीम का ऐलान। फाइल फोटो
विकेटकीपर अफसर जजाई और इकरम अलीखिल को भी टीम में शामिल किया गया है, जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी शराफुद्दीन अशरफ और कैस अहमद पर होगी। बिलाल सामी, जिया शरीफी और सलीम साफी तेज गेंदबाजी विभाग की अगुआई करेंगे। अफगानिस्तान ने एकदिवसीय टीम के लिए थोड़ा अलग संयोजन चुना है, जिसमें अनुभवी सितारों मोहम्मद नबी और राशिद खान की वापसी हुई है।
गजनफर भी टीम में शामिल
युवा सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान, सिद्दीकुल्लाह अटल और दरवेश रसूली बल्लेबाजी क्रम को मजबूती देते हैं, जबकि एएम गजनफर और बिलाल सामी गेंदबाजी आक्रमण को और गहराई प्रदान करते हैं। युवा स्पिनर गजनफर को आईपीएल में उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने मुंबई इंडियन्स के लिए 11 मैच में 15 विकेट चटकाए थे।
अफगानिस्तान अपने दौरे की शुरुआत 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से करेगा, जिसके बाद तीन मैच की वनडे सीरीज खेली जाएगी। पहला वनडे 14 जून को धर्मशाला में, दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ में और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।
एकमात्र टेस्ट के लिए टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सिद्दीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमानुल्लाह जादरान, अफसर जजाई, इकरम अलीखिल, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नंग्याल खारोताई, कैस अहमद, बिलाल सामी, जिया शरीफि, सलीम साफी।
रिजर्व: बशीर अहमद, बाहिर शाह, इस्मत आलम।
वनडे सीरीज के लिए टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दारविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांग्याल खारोताई, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक, बिलाल सामी।
रिजर्व: कैस अहमद, सलीम साफी, बशीर अहमद।
