Afghanistan vs Pakistan: पाकिस्तान को आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 में पस्त कर अफगानिस्तानी टीम ने बड़ा उलटफेर किया। अफगानी शेरों ने इसके साथ ही यह साबित कर दिया कि वे बाजीगर से कम नहीं हैं। जीत के बाद टीम के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी आत्मविश्वास से लबरेज नजर आए। उन्होंने बताया कि उनकी टीम एक पेशेवर टीम की तरह खेली।
अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी।
शाहिदी ने कहा,‘‘यह जीत शानदार है। हमने एक पेशेवर टीम की तरह लक्ष्य का पीछा किया। हम पिछले कुछ वर्षों से अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं। हम सकारात्मक क्रिकेट खेलने के लिए अपनी तरफ से प्रयास जारी रखेंगे। आज हमारी गेंदबाजी अच्छी रही। शुरू से लेकर आखिर तक मैच हमारे हाथ में था।’’
हशमतुल्लाह के मुताबिक, "हमारी टीम ने बहुत बढ़िया बॉलिंग की। ख़ासकर स्पिनर्स ने। हमने नूर को मौका दिया और उन्होंने कर दिखाया...शुरू से अंत तक खेल हमारे हाथ में था।" दरअसल, सोमवार (23 अक्टूबर 2023) को तमिलनाडु के चेन्नई मैदान में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को आठ विकेट से पराजित किया।
टीम ने ऐसा करके आईसीसी वनडे विश्व कप में एक और उलटफेर करके अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा। वैसे, अफगानी शेर इससे पहले गत चैंपियन इंग्लैंड को हराकर सनसनी फैला चुके हैं। हालिया जीत दर्शाती है कि वे किस कदर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और फॉर्म में हैं।
