T20 World Cup 2026: इंग्लैंड और भारत के बीच चल रही टेस्ट सीरीज के बीच क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अब एक और बड़े आयोजन की ओर जाने वाला है। अगले आठ महीने बाद आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होगी, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करेंगे। इस टूर्नामेंट के लिए अब तक 13 टीमें क्वालीफाई कर चुकी हैं, जिनमें हाल ही में कनाडा भी शामिल हो गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 (फोटो- ICC)
कनाडा ने अमेरिका क्वालीफायर में दिखाया दबदबा
कनाडा ने अमेरिका रीजनल फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जगह बना ली। उन्होंने बहामास के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज की। बहामास को पहले बल्लेबाजी करते हुए कनाडा की गेंदबाजी ने सिर्फ 57 रन पर ढेर कर दिया, जिसमें कलीम सना और शिवम शर्मा ने तीन-तीन विकेट झटके। इसके बाद दिलप्रीत बाजवा ने 14 गेंदों में 36 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच को सिर्फ 5.3 ओवर में समाप्त कर दिया।निकोलस किर्टन की कप्तानी में कनाडा ने अमेरिका क्वालीफायर में अपने सभी 5 मैच जीते, जिसमें बरमूडा, केमन आइलैंड्स और बहामास जैसी टीमों को उन्होंने धूल चटाई।
भारत में दूसरी बार खेलेगा कनाडा
यह कनाडा का दूसरा मौका होगा जब वह भारत में होने वाले किसी विश्व कप में हिस्सा लेगा। इससे पहले, उन्होंने 2011 के ODI वर्ल्ड कप में भाग लिया था, जो भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था। हालांकि, उन्होंने उस टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच जीता था।इस साल 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी कनाडा ने पहली बार क्वालीफाई किया था। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज की, लेकिन भारत के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया, जिससे उनका टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो गया।
अब तक क्वालीफाई कर चुकी टीमें (13/20)
मेजबान: भारत, श्रीलंका
पूर्ण सदस्य देश: ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान
स्वतः क्वालीफाई: वेस्टइंडीज, अमेरिका, आयरलैंड
रीजनल क्वालीफायर: कनाडा
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अभी 7 और टीमों का चयन होना बाकी है, जो अगले कुछ महीनों में विभिन्न क्वालीफायर टूर्नामेंट्स के जरिए तय होंगी। क्रिकेट फैंस इस मेगा इवेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जहां दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें भारतीय पिचों पर अपना जलवा दिखाएंगी।
