स्पोर्ट्स

कार्लसन ने लगातार दूसरे साल ई-स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप का खिताब जीता, 'विवादित मैच' के बाद तीसरे स्थान पर रहे नाकामुरा

दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने शनिवार को यहां ई-स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप में शतरंज प्रतियोगिता के एकतरफा फाइनल में बेलारूस के शतरंज ग्रैंडमास्टर डेनिस लाजाविक को हराकर अपना खिताब बरकरार रखा और शानदार ढंग से बिना कोई मैच हारे टूर्नामेंट जीता। इस बीच, अमेरिका के हिकारू नाकामुरा ने तकनीकी समस्याओं और डिस्कनेक्शन से भरे एक विवादित और अव्यवस्थित मैच में अलीरेजा फिरोजा को 4-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

Image

Carlsen wins Esports World Cup, फोटो- Esports World Cup

दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने शनिवार को यहां ई-स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप में शतरंज प्रतियोगिता के एकतरफा फाइनल में बेलारूस के शतरंज ग्रैंडमास्टर डेनिस लाजाविक को हराकर अपना खिताब बरकरार रखा और शानदार ढंग से बिना कोई मैच हारे टूर्नामेंट जीता। टीम लिक्विड के कार्लसन ने पूरे टूर्नामेंट में एक चैंपियन की तरह से खेले। अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने के रास्ते में उन्होंने एक भी मैच नहीं गंवाया।

35 वर्षीय नॉर्वेजियन खिलाड़ी ने ग्रैंड फाइनल में AG.AL के लाजाविक पर 2-0 (3-1, 3-1) से जीत हासिल की। कार्लसन ने अपनी टीम 'टीम लिक्विड' के लिए 250,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि और 1000 क्लब चैंपियनशिप पॉइंट जीते। डेनिस ने AG.AL के लिए 190,000 अमेरिकी डॉलर और 750 पॉइंट हासिल किए।

जोखिम लिया और इनाम मिला

जीत के बाद पांच बार के विश्व चैंपियन ने कहा, 'मैंने डेनिस के गेम देखे और कोचों से बात की। मुझे लगता है कि खासकर हिकारू का तरीका सही नहीं था। मजेदार बात यह है कि मैंने कहा था कि वह एंडगेम में बचाव करने में बहुत अच्छे नहीं हैं, इसलिए मैंने सोचा कि मुझे हिकारू की तुलना में बेहतर ढंग से खेलना चाहिए। मैंने डेनिस के साथ कई बार ऑनलाइन खेला है, जहां मैंने जोखिम भरा खेल खेला और उसका खामियाजा भी भुगता, इसलिए मैंने उन्हें कोई स्पष्ट पोजीशनल एडवांटेज (स्थिति का लाभ) नहीं दिया।'

जब उनसे पूछा गया कि क्या कोई ऐसा पल था जब उन्हें लगा कि वह हार सकते हैं, तो कार्लसन ने कहा, 'कई पल थे, कुछ अलीरेजा के खिलाफ और निहाल के खिलाफ भी। निश्चित रूप से कुछ पल थे, लेकिन मैं बिना हारे टूर्नामेंट जीतने से बहुत खुश हूं। मैं कुछ भी असाधारण करने की कोशिश नहीं कर रहा था। मैंने थोड़े रैंडमनेस (अनिश्चितता) के साथ मौके लेने की कोशिश की और मैं खुश हूं।'

'विवादित मैच' जीतने के बाद नाकामुरा तीसरे स्थान पर रहे

इस बीच, अमेरिका के हिकारू नाकामुरा ने तकनीकी समस्याओं और डिस्कनेक्शन से भरे एक विवादित और अव्यवस्थित मैच में अलीरेजा फिरोजा को 4-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। गेम 4 में तकनीकी समस्याओं और उसके बाद नाकामुरा से वह गेम हारने के बाद, अलीरेजा ने तीसरे स्थान के लिए हो रहे मैच को बीच में ही छोड़ दिया और बिल्डिंग से चले गए। उस समय अलीरेजा 1-3 से पीछे चल रहे थे और दो गेम बाकी थे। नाकामुरा ने कहा कि उन्हें लगभग 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मैच उनके पक्ष में 'फोरफिट' (प्रतिद्वंद्वी के हटने के कारण जीत) माना जाएगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article