भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से जुड़े हितधारकों के बीच बृहस्पतिवार को मुंबई में होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आईपीएल के अगले साल अपने ऐतिहासिक 20वें सत्र में प्रवेश करने की तैयारियों के बीच बीसीसीआई ने 15 अक्टूबर को मुंबई में संयुक्त हितधारक बैठक बुलाई थी। बैठक इसलिए टाली गई है, क्योंकि 15 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नयी दिल्ली में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित करेंगे। इस समारोह में बीसीसीआई के अधिकारियों को भी शामिल होना है।
आईपीएल (साभार-X)
सैकिया ने बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा, "15 अक्टूबर 2026 को मुंबई में आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ), आईपीएल की मेजबानी करने वाले राज्य संघों और प्रसारकों के साथ होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है।"
उन्होंने कहा, ’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 अक्टूबर को नयी दिल्ली में हाल ही में संपन्न 20वें एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित करने वाले हैं। ऐसे में बीसीसीआई के अधिकारियों को इस समारोह में उपस्थित रहना होगा।’’ सैकिया के अनुसार, बोर्ड को विभिन्न हितधारकों की ओर से भी बैठक स्थगित करने के अनुरोध मिले थे।
टाइम्सनाउ पर ये भी पढ़ें- टीम इंडिया के गब्बर शिखर धवन को आया गुस्सा, आयोजकों ने बिना बताए लीग में कर लिया शामिल
उन्होंने कहा, "इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए और अधिक से अधिक हितधारकों की व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैठक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।’’ बीसीसीआई सचिव ने बताया कि बैठक की नयी तारीख और स्थान की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।
