दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में चल रहे वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप मेंस सिंगल के पहले राउंड में आयुष शेट्टी ने रोमांचक मुकाबले में चीनी ताइपे के शी यूकी को हरा दिया। पहला गेम 21-14 से जीतने वाले आयुष को दूसरे गेम में हार का सामना करना पड़ा। शी यूकी ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम अपने नाम कर लिया। दूसरा गेम शी यूकी ने 21-13 से अपने नाम किया। तीसरे गेम में आयुष ने वापसी की और रोमांचक मुकाबले में 21-19 से अपने नाम कर लिया और 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। 1.13 मिनट चले इस मुकाबले में फैंस को जबदस्त टक्कर देखने को मिली। राउंड ऑफ 16 में आयुष का मुकाबला एड्रियानो बियाले और दिमिंदू अबेविक्रमा के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। मैच के बाद आयुष की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
आयुष शेट्टी (साभार-X)
नंबर एक शी युकी को हराने के बाद आयुष शेट्टी ने कहा, "दर्शकों ने मुझे काफी उत्साहित किया, ऊर्जा दी। हमने मैच का बहुत अच्छा विश्लेषण किया। वर्ल्ड नंबर-1 के खिलाफ ये जीत मेरे लिए काफी विशेष है। मैं खुश हूं कि मैं मैच के दौरान अपनी योजना को अंत तक अंजाम देने में सफल रहा।"
आयुष के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि
वर्ल्ड नंबर एक को हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप में उलटफेर करना आयुष के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि में से एक है। इसकी झलक उन्होंने कुछ महीने पहले ही दिखा दी थी, जब अप्रैल में एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के दौरान उन्होंने ली शी फेंग, जोनाथन क्रिस्टी और कुनलावुत वितिदसर्न जैसे दिग्गजों को हराया था।शेट्टी के अलावा विमेंस सिंगल्स में दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधू ने आयरलैंड की खिलाड़ी को हराया। नौवीं वरीयता प्राप्त भारतीय स्टार ने सोफिया की चुनौती से आसानी से पार पाते हुए 21-7, 21-11 से जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। पांच बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता सिंधू ने महज 29 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया।
