स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी क्वार्टरफाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को एक्स्ट्रा टाइम तक चले मुकाबले में 3-1 से मात दी। मैच में लियोनेल मेसी कोई गोल नहीं कर पाए। अर्जेंटीना के लिए एलिस्टर (10वें मिनट), जूलियन अल्वारेज (110वें मिनट) और मार्टिनेज (120+1वें मिनट) ने गोल दागे। स्विट्जरलैंड के लिए एकमात्र गोल डैन न्योडो ने 67वें मिनट में दागा। सेमीफाइनल में अर्जेंटीना का मुकाबला इंग्लैंड से होगा।
अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को दी मात- फोटो-AP
कैनसस सिटी में खेला गया मुकाबला फीफा वर्ल्ड कप के सबसे रोमांचक मैच में से एक बन गया। निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं, जिसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा। मैच में अर्जेंटीना ने पहले हाफ में ही अपना दबदबा बना लिया, जब अलिस्टर ने 10वें मिनट में लियोनेल मेसी के असिस्ट से गोल दागा। इस गोल के बाद स्विस टीम पर दबाव बढ़ गया।
10 खिलाड़ियों के साथ खेली स्विट्जरलैंड
इसके बाद दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड ने फाइट बैक करते हुए 67वें मिनट में स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। डैन न्योडो ने अर्जेंटीना के गोलकीपर को छकाते हुए गोल दागा। हालांकि, 72वें मिनट में टीम को बड़ा झटका लगा, जब ब्रील एम्बोलो को रेड कार्ड दिखा दिया गया। इसके बाद स्विस टीम ने पूरा मुकाबला 10 खिलाड़ियों के साथ खेला और अर्जेंटीना को कड़ी टक्कर दी। 90 मिनट का खेल पूरा होने तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा।
एक्स्ट्रा टाइम में जीता अर्जेंटीना
एक्स्ट्रा टाइम में भी स्विट्जरलैंड के डिफेंस को भेदने के लिए अर्जेंटीना ने कई प्रयास किए, लेकिन विफल हुए। हालांकि, जूलियन अल्वारेज ने 112वें मिनट में गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी। अंत में लोटारो मार्टिनेज ने 121वें मिनट में विजयी गोल दागा। इस मैच में मेसी गोल नहीं कर सके। इसके बावजूद डिफेंडिंग चैंपियन ने जीत दर्ज की। अर्जेंटीना का सामना अब सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होने वाला है।
