स्पोर्ट्स

इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई, प्रिंस और प्रिंसेस ने दी बधाई

इंग्लैंड ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में नॉर्वे को 2-1 से हराकर 2018 के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाई। इंग्लैंड के लिए जूड बेलिंगहम ने दो गोल दागे। वहीं, नॉर्वे के लिए पहली बार हालैंड कोई गोल नहीं कर सके। इंग्लैंड की जीत पर प्रिंस और प्रिसेस ऑफ वेल्स ने बधाई दी। इंग्लैंड का सेमीफाइनल में सामना अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के मैच के विजेता टीम से होगा।

Image

इंग्लैंड ने नॉर्वे को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जूड बेलिंगहम ने एक्स्ट्रा टाइम के तीसरे मिनट में गोल करके इंग्लैंड को नॉर्वे पर 2-1 से जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने 2018 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई। बेलिंगहम ने मैच में दो गोल किए। उन्होंने पहले हाफ के आखिर में बराबरी का गोल भी किया था। इंग्लैंड की जीत पर प्रिंस और प्रिसेस ऑफ वेल्स ने बधाई दी।

रियल मैड्रिड का यह स्टार खिलाड़ी अब इस टूर्नामेंट में छह गोल के साथ इंग्लैंड के अपने साथी हैरी केन के बराबर है। वे फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (8 गोल) से पीछे हैं। उन्होंने राउंड ऑफ 16 में दो गोल किए थे, जब इंग्लैंड ने सह-मेजबान मैक्सिको को हराया था। इंग्लैंड ने साल 1966 का वर्ल्ड कप जीता है।

हालैंड का नहीं चला जादू

वाइकिंग रो (viking row) और 6 फीट 5 इंच लंबे स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड के करिश्मे से पहली बार क्वार्टर फाइनल खेल रही नॉर्वे के लिए मैच में आंद्रेयास श्जेल्डरप ने 36वें मिनट में गोल किया। हालांकि, जल्दी ही इंग्लैंड ने वापसी की और जूड बेलिंगहम ने 45+2वें मिनट में गोल दागकर बराबरी पर ला खड़ा किया।

56वें मिनट में नॉर्वे ने लगभग 2-1 से बढ़त हासिल कर ली थी, जब कॉर्नर किक के बाद टोरव्योर्न हेगेम ने गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड को छकाते हुए गोल कर किया। हालांकि, वीडियो रिव्यू के बाद बॉक्स के अंदर हालैंड के फाउल के कारण गोल को अमान्य कर दिया गया। यह निर्णय विवादित रहा।

जूड ने दागा विनिंग गोल

दोनों टीमों ने दूसरे हाफ में खेल दिखाया। एक्स्ट्रा टाइम के दूसरे हाफ में नॉर्वे ने हालैंड की जगह जोर्गेन स्ट्रैंड लार्सन को मैदान पर उतारा गया। जूड बेलिंगहम ने 93वें मिनट में गोल कर इंग्लैंड को 2-1 से बढ़त दिला दी। यह इंग्लैंड के लिए विनिंग गोल साबित हुआ। क्योंकि, नॉर्वे इसके बाद कोई और गोल नहीं कर सका और मुकाबला गंवाकर बाहर हो गया।

प्रिंस और प्रिंसेस ने दी बधाई

प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स ने इंग्लैंड को बधाई दी। इंग्लैंड की मुश्किल क्वार्टरफाइनल जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए, शाही परिवार ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ की और नॉर्वे के शानदार अभियान की भी सराहना की।

प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा गया, 'बहुत बढ़िया इंग्लैंड! मुश्किल हालात में बेहतरीन प्रदर्शन। यह एक खास टीम है। नॉर्वे की गर्व करने लायक टीम के प्रति सहानुभूति। अब सेमीफाइनल की ओर... कभी कोई शक नहीं था!'

Umesh Kumar
उमेश कुमार author

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

End of Article