Archery World Cup: मैड्रिड में चल रहे तीरंदाजी विश्व कप के चौथे चरण में भारत को निराशा हाथ लगी। धीरज बोम्मादेवरा और कीर्ति शर्मा की भारतीय रिकर्व मिश्रित जोड़ी कांस्य पदक मुकाबले में इटली से 3-5 से हार गई। एक समय 3-1 की बढ़त लेने के बावजूद भारतीय जोड़ी उसे बरकरार नहीं रख सकी। पहली बार साथ खेल रहे धीरज और कीर्ति ने अच्छी शुरुआत की। पहला सेट 38-38 से बराबर रहा। दूसरे सेट में भारतीय जोड़ी ने 38 अंक बनाए, जबकि इटली के रोबर्टा डि फ्रांसेस्को और माटेओ बोरसानी 37 अंक ही बना सके। इससे भारत 3-1 से आगे हो गया।
धीरज और कीर्ति को मिली हार (फोटो साभार- @SportsArena1234)
इटली ने वापसी कर भारत को हराया
हालांकि, इसके बाद इटली ने वापसी की। तीसरा सेट इटली ने 39-37 से जीतकर मुकाबला 3-3 से बराबर कर दिया। चौथे और निर्णायक सेट में भारतीय तीरंदाज दबाव में दिखे और सिर्फ 37 अंक बना पाए। वहीं इटली की जोड़ी ने चार ‘परफेक्ट 10’ लगाकर 40 अंक के साथ सेट और मैच जीत लिया। इस तरह कांस्य पदक इटली के नाम रहा।
धीरज के लिए निराशाजनक रहा विश्व कप
अंताल्या विश्व कप के चैंपियन धीरज बोम्मादेवरा के लिए मैड्रिड का चरण निराशाजनक रहा। उन्होंने पिछले महीने तीसरे चरण में कुमकुम मोहद के साथ मिश्रित टीम का गोल्ड जीता था, लेकिन इस बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। भारत की रिकर्व वर्ग में अब सारी उम्मीदें 19 साल की कीर्ति शर्मा पर टिकी हैं। कीर्ति व्यक्तिगत सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। अगर वह सेमीफाइनल जीत जाती हैं तो विश्व कप में उनका पहला पदक पक्का हो जाएगा। कीर्ति ने पिछले महीने अंताल्या में ही विश्व कप में डेब्यू किया था।
भारत के 2 पदक पक्के
भारत ने विश्व कप के अंतिम चरण में अब तक दो पदक जीत लिए हैं। दोनों पदक शनिवार को कंपाउंड वर्ग में आए। महिला कंपाउंड टीम ने कांस्य पदक जीता, जबकि प्रथिका प्रदीप ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। रिकर्व टीम का मैड्रिड में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। अब सबकी नजरें कीर्ति शर्मा के सेमीफाइनल मुकाबले पर हैं।
