FIFA वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड से 2-1 से हार के बाद नॉर्वे के पूर्व खिलाड़ी और स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड के पिता अल्फ-इंगे "अल्फी" हालैंड ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम को "लूटा गया" है। दरअसल, मियामी में खेले गए क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे ने एंड्रियास स्क्जेल्डरप के गोल से बढ़त बना ली थी। एर्लिंग हालैंड ने भी जॉर्डन पिकफोर्ड को परेशान किया। लेकिन पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में जूड बेलिंगहम ने गोल करके 1-1 कर दिया। एक्स्ट्रा टाइम में बेलिंगहम ने फिर गोल किया जब गोलकीपर ओरजान नाइलैंड से मॉर्गन रोजर्स का शॉट छूट गया। इंग्लैंड 2-1 से जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गया, जहां उसका सामना अर्जेंटीना से होगा।
अल्फी हालैंड ने क्या कहा?
अंग्रेजी पत्रकार हेनरी विंटर के पोस्ट का जवाब देते हुए अल्फी ने X पर लिखा, "सच में? रेफरी ने बचा लिया। उम्मीद है अब आप वर्ल्ड कप जीत जाओ। लेकिन मुझे लगता है आज हमें लूटा गया।" विंटर ने पहले बेलिंगहम की तारीफ की थी: "ओडेगार्ड गेम चला रहा था। नॉर्वे के फैंस गा रहे थे 'इंग्लैंड घर जा रहा है'। बेलिंगहम ने तय किया कि ऐसा नहीं होगा। जिम्मेदारी ली, मौका बनाया और गोल किया। 35 साल में इंग्लैंड को कवर करते हुए सबसे बेस्ट खिलाड़ी देखा है।"
नॉर्वे का ऐतिहासिक सफर खत्म
यह नॉर्वे का अब तक का सबसे बेहतरीन वर्ल्ड कप रहा। टीम पहली बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंची। नॉर्वे 1998 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप खेल रहा था। संयोग से अल्फी हालैंड भी 1998 की टीम का हिस्सा थे जिसने ब्राजील को हराया था। 28 साल बाद वर्ल्ड कप में लौटे नॉर्वे ने पूरे देश में फुटबॉल का जुनून फिर जगा दिया। हालैंड के नाम अब 55 मैचों में 62 इंटरनेशनल गोल हैं। वह नॉर्वे के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।
हालैंड का जलवा
भले ही क्वार्टर फाइनल में गोल नहीं कर पाए, एर्लिंग हालैंड का टूर्नामेंट शानदार रहा। उन्होंने ग्रुप स्टेज के हर मैच में गोल किया और राउंड ऑफ 32 और 16 में भी स्कोर किया। 6 गोल के साथ वह नॉर्वे के टॉप स्कोरर रहे। इंग्लैंड ने वह कर दिखाया जो अक्टूबर 2024 के बाद कोई टीम नहीं कर पाई - हालैंड को गोल करने से रोकना। इससे पहले हालैंड ने 636 दिनों तक नॉर्वे के लिए हर इंटरनेशनल मैच में गोल किया था।
