स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आर्चरी प्रीमियर लीग (APL) राउंड-रॉबिन चरण अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। माइटी मराठा और काकतीय नाइट्स ने क्रमशः शानदार फॉर्म में चल रही चेरो आर्चर्स और पृथ्वीराज वॉरियर्स को हराया और उन्हें स्टैंडिंग में बढ़त बनाने से रोका। सोमवार को हुए दूसरे मैच में मौजूदा चैंपियन राजपूताना रॉयल्स ने अपनी हार का सिलसिला खत्म किया और चोला चीफ्स को प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे धकेल दिया।
आर्चरी प्रीमियर लीग में तीरंदाजों के शॉट। फोटो- APL
चेरो और वॉरियर्स दोनों के पास 8 अंक तक पहुंचने और बढ़त बनाने का मौका था, लेकिन उनकी हार के बाद पांच मैचों के बाद चार टीमें 6 अंकों पर बराबरी पर हैं। रॉयल्स अपनी दूसरी जीत के बाद चार अंकों के साथ शीर्ष टीमों के साथ बने हुए हैं, जबकि चीफ्स सीजन के पहले भाग में केवल एक जीत के साथ संघर्ष कर रहे हैं।
18 अक्टूबर को ग्रैंड फिनाले
दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित आर्चरी लीग को आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने शुरू किया है। इसमें छह टीमें और कुल 48 तीरंदाज शामिल हैं, जिनमें 36 भारतीय और 12 बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। हैदराबाद के पीपल्स प्लाजा में हो रही यह लीग 18 अक्टूबर को ग्रैंड फिनाले के साथ समाप्त होगी, जिसमें सेमीफाइनल की शीर्ष चार टीमें और उसके बाद खिताबी मुकाबला होगा।
मराठा ने की शानदार वापसी
चेरो और मराठा के बीच रोमांचक मैच खेला गया। मुकाबला 'हिट-ऑर-मिस' शूटऑफ तक गया। मैच के ज्यादातर समय पीछे रहने के बावजूद, माइटी मराठा ने वापसी की और शानदार फॉर्म में चल रही चेरो टीम के खिलाफ शूटऑफ में रोमांचक जीत हासिल की। सीजन की शुरुआत में कुछ हार झेलने के बाद, माइटी मराठा ने लगातार तीन जीत हासिल की हैं और अब वे छह अंकों के साथ चेरो के बराबर आ गए हैं।
राजपूताना रॉयल्स ने तोड़ा हार का सिलसिला
दूसरे मैच में चोला चीफ्स को शुरुआत से ही मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जब उन्होंने तीसरे सेट के लिए अपने मुख्य रिकर्व स्टार्स दीपिका कुमारी और मार्कस डी'अल्मेडा को सब्स्टिट्यूट के तौर पर उतारा। तब तक बहुत देर हो चुकी थी और वे राजपूताना रॉयल्स से 1-5 से हार गए।
नाइट्स ने दर्ज की जीत
आखिरी मैच में पृथ्वीराज वॉरियर्स की भिड़त काकतीय नाइट्स से हुई। नाइट्स ने शानदार खेल दिखाते हुए 4-0 की बढ़त बना ली। नाइट्स ने वॉरियर्स की तीसरे सेट में वापसी की कोशिश के बावजूद मैच 6-2 से जीत लिया। मंगलवार से लीग चरण के दूसरे हाफ की शुरुआत होगी और सेमीफाइनल की दौड़ और रोमांचक हो जाएगी। पहले मैच में, शानदार फॉर्म में चल रहे चेरो तीरंदाज डिफेंडिंग चैंपियंस राजपूताना रॉयल्स का सामना करेंगे, जो एक बेहतरीन मुकाबला हो सकता है। दूसरे मैच में पृथ्वीराज वॉरियर्स और माइटी मराठा स्टैंडिंग में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगे।
