28 मई को जंतर-मंतर से आई पहलवानों की कुछ तस्वीरों ने सभी खेल प्रेमियों को विचलित कर दिया था। अब इन तस्वीरों को लेकर पहली बार टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाज अनिल कुंबले ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कुंबले ने ट्वीट कर इस पूरी घटना की आलोचना की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है '28 मई को हमारे पहलवानों के साथ बदसलूकी के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। उचित बातचीत से किसी भी बात का समाधान निकाला जा सकता है। जल्द से जल्द समाधान की उम्मीद है।'
पहलवानों को मिला अनिल कुंबले का साथ (साभार-PTI)
अनिल कुंबले अकेले नहीं हैं जिन्होंने पहलवानों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की है। इससे पहले ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा भी इसको लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। नीरज ने 28 मई के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा 'यह देखकर मुझे बहुत दुख हो रहा है और इसे बेहतर तरीके से निपटाया जा सकता था।
28 मई को क्या हुआ था?
28 मई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद का उद्दघाटन किया। एक तरफ जहां पीएम नरेंद्र मोदी इस नए संसद भवन का उद्घघाटन कर रहे थे वहीं दूसरी तरफ जंतर-मंतर पर विरोध कर रहे पहलवान संसद भवन की तरफ बढ़ने की कोशिश में लगे थे। मामला गंभीर होता देख दिल्ली पुलिस को उन पर बल प्रयोग करना पड़ा जिसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो खूब तेजी से वायलर हुईं जिसमें पहलवानों के साथ पुलिस धक्का-मुक्की करती नजर आ रही थी। इस वीडियो को शेयर कर साक्षी मलिक सहित कई अन्य पहलवानों ने आरोप भी लगाया था कि पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की।
