Swapna Shastra: नींद के आगोश में जाकर जिस रहस्मयी लोक में हम खाे जाते हैं उसे स्वप्न लोक कहते हैं। इस लोक में देखे गए दृश्यों को स्वप्न का नाम दिया गया है लेकिन बात इतनी भर नहीं है ये दृश्य व्यक्ति के भूत, भविष्य और वर्तमान के प्रारब्धाें के साथ बहुत बार किसी अपने करीबी के साथ घटित होने वाली घटनाओं को भी दिखा देते हैं।
स्वप्न शास्त्र के अनुसार बहुत से सपने वो होते हैं जिनका किसी तरह का अर्थ निकालना व्यर्थ होता है लेकिन कुछ सपने वो भी होते हैं जो स्वयं या किसी अपने के साथ होने वाली अनहोनी की सूचना जैसे दे रहे हों। अक्सर सपने में लोग पानी बहुत देखते हैं। पानी का सपने में देखना और पानी के साथ किसी अन्य चीज जैसे जहाज आदि का देखना क्या संकेत देता है, आइये इसके बारे में देते हैं आपको महत्वपूर्ण जानकारी।
सपने में पानी का देखना
मानव जीवन का आधार जल है। इसलिए जल संबंधि स्वप्न बहुत ही महत्वपूर्ण होते हैं। यदि व्यक्ति सपने में वर्षा होती देखे तो वह आर्थिक चिंता का कारण बनती है लेकिन बादल क्योंकि संग्रह का प्रतीक है इसलिए स्वप्न में बादल देखने का अर्थ है कहीं न कहीं लाभ होने का पर्याप्त आसार बन रहा है। लेकिन यदि स्वप्न में बर्फ गिरती देख ली तो यह समझना चाहिए कि शरीर में कहीं न कहीं रोग आने की संभावना है क्योंकि जल का शरीर में प्रवाह नहीं होगा तो निश्चय ही वह रोग का कारण बनता है। यदि स्वप्न में पानी में स्वयं को डूबता देखें तो किसी न किसी तरह का कष्ट जीवन में आने वाला है यह समझ लें, क्योंकि जल ही जीवन है और शरीर डूबकर नष्ट हो रहा है तो कष्ट आने का निश्चय ही संकेत है। वहीं इसके विपरीत स्वप्न में नदी में स्नान करते हुए स्वयं को या अन्य किसी को देखें तो उसके शरीर में जो रोग है या रोग की संभावनाएं बन रही हैं तो वो स्वयं नष्ट हो जाती हैं। स्वच्छ जल में स्नान रोग निवृत्ति की कारण है और यदि अपने आपको मानव सरोवर में स्नान करते देखे तो समझ लें उसका सम्मान बढ़ने वाला है या उसकी पदोन्न्ति होने वाली है। सरोवर एक स्थिर उपकरण है और स्थिरता जीवन को संवारती है।
स्वप्न में जहाज देखने का अर्थ
जीवन में कुछ स्वप्न इस तरह के आते हैं जिनके संकेत मात्र से ही क्लेश उत्पन्न हो जाते हैं वह है जहाज देखना। जहाज जब खड़ा रहता है तब वह हिलता रहता है और उसकी मंजिल का पता नहीं होता। इसका केवल दिखना ही यह प्रकट करता है कि पत्नी से विवाद होने वाला है। यदि स्वप्न में जहाज पर आप स्वयं को चढ़ते हुए देखें तो समझें कि जीवन में कहीं न कहीं परिवर्तन होने वाला है। जहाज पर चढ़ना किसी स्थान पर जाने का संकेत है। स्वप्न में इसे परिवर्तन का संकेत मानते हैं।
(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
