Sun Saturn Sesquiquadrate 2026: ग्रहों की चाल में 22 अगस्त 2026 को एक ऐसी स्थिति बनी है, जिसे ज्योतिष में तनाव पैदा करने वाले ग्रह संबंध के तौर पर देखा जाता है। 22 अगस्त की सुबह 11 बजकर 1 मिनट पर सूर्य और शनि एक-दूसरे से 135 डिग्री के एंगल पर आ गए हैं। इस स्थिति को आधुनिक ज्योतिष में सेस्क्वाड्रेट (Sesquiquadrate) या सेस्क्विसक्वायर (Sesquisquare) एस्पेक्ट कहा जाता है। इसे कुछ ज्योतिषीय परंपराओं में त्रिपाद-केंद्र योग के नाम से भी जोड़ा जाता है। सूर्य और शनि दोनों ही बेहद प्रभावशाली ग्रह माने जाते हैं, लेकिन इनके स्वभाव में काफी अंतर है।
सूर्य -शनि का नया योग किनके लिए शुभ नहीं रहेगा
सूर्य सत्ता, आत्मविश्वास, पिता, सरकार, पद और पहचान का कारक है, जबकि शनि कर्म, अनुशासन, देरी, जिम्मेदारी, नौकरी और मेहनत से जुड़े विषयों को दर्शाते हैं। जब इन दोनों के बीच 135 डिग्री का तनावपूर्ण एस्पेक्ट बनता है तो अधिकार और जिम्मेदारी, आत्मसम्मान और अनुशासन तथा जल्द परिणाम की इच्छा और लंबे इंतजार के बीच टकराव जैसी स्थिति बन सकती है। इसका असर खास तौर पर उन राशियों पर ज्यादा पड़ सकता है जिनकी कुंडली में सूर्य और शनि का यह संबंध मुश्किल भावों को एक्टिव कर रहा है। इससे कुछ राशियों को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
क्यों चुनौतिपूर्ण रहेगा यह एस्पेक्ट
सूर्य जहां अपनी पहचान और अधिकार के साथ आगे बढ़ना चाहता है, वहीं शनि हर काम में नियम, धैर्य और जिम्मेदारी की मांग करता है। 135 डिग्री का सेस्क्वाड्रेट एस्पेक्ट इन दोनों ग्रहों के बीच एक तरह का आंतरिक दबाव पैदा कर सकता है। इस दौरान व्यक्ति को लग सकता है कि उसकी मेहनत का रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक नहीं मिल रहा। ऑफिस में सीनियर से मतभेद, पिता या किसी वरिष्ठ व्यक्ति से विचारों का टकराव, सरकारी काम में देरी और जिम्मेदारियों का दबाव बढ़ सकता है। इसी वजह से इस योग में जल्दबाजी से लिया गया फैसला नुकसान पहुंचा सकता है। आइए जानते हैं कि किन राशि वालो के लिए यह योग शुभ नहीं रहेगा।
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए यह एस्पेक्ट काम और खर्च से जुड़े मामलों को प्रभावित कर सकता है। ऑफिस में काम का प्रेशर बढ़ सकता है। किसी सीनियर के साथ गलतफहमी पैदा हो सकती है। आपकी मेहनत का क्रेडिट किसी और को मिलने से नाराजगी हो सकती है। विदेश, यात्रा या ऑनलाइन काम से जुड़े खर्च भी बढ़ सकते हैं। किसी बड़े फाइनेंशियल फैसले को कुछ समय टालना बेहतर रहेगा।
उपाय: रविवार को गुड़ और गेहूं का दान करें तथा शनिवार को काले तिल का दान करें।
सिंह राशि
सिंह राशि के स्वामी स्वयं सूर्य हैं। ऐसे में सूर्य से जुड़ा कोई तनावपूर्ण एस्पेक्ट सिंह राशि वालों पर अपेक्षाकृत ज्यादा असर डाल सकता है। करियर में सीनियर अधिकारी या बॉस के साथ मतभेद हो सकता है। आपको लग सकता है कि आपके काम को वह महत्व नहीं मिल रहा जिसके आप हकदार हैं। इसी भावना में आकर कोई कठोर प्रतिक्रिया देना नुकसानदायक हो सकता है। सरकारी काम से जुड़े मामलों में देरी हो सकती है। पिता या परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य से भी विचारों का टकराव संभव है। फाइनेंशियल मामलों में भी जल्दबाजी से बचें। खासकर ऐसी चीजों पर पैसा खर्च न करें जिनकी फिलहाल जरूरत नहीं है।
उपाय: रोज सुबह सूर्य को तांबे के लोटे से जल दें और आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए यह योग पार्टनरशिप और पब्लिक डीलिंग से जुड़े मामलों में चुनौती दे सकता है। बिजनेस पार्टनर के साथ किसी फैसले को लेकर मतभेद हो सकता है। शादीशुदा लोगों के बीच काम या फाइनेंस को लेकर बहस की स्थिति बन सकती है। अगर किसी पार्टनर के साथ नया बिजनेस शुरू करने की योजना है तो शर्तों को लिखित में रखना बेहतर होगा। सिर्फ भरोसे के आधार पर फाइनेंशियल कमिटमेंट न करें। रिश्तों में ईगो क्लैश से बचना जरूरी है।
उपाय: शनिवार को काले तिल का दान करें और शुक्रवार को जरूरतमंद महिला को सफेद वस्तु दान करें।
मकर राशि
मकर राशि के स्वामी शनि हैं। ऐसे में शनि से जुड़ा कोई तनावपूर्ण एस्पेक्ट इस राशि के जातकों के लिए खास महत्व रखता है। वर्कप्लेस पर जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। किसी पुराने काम की जवाबदेही अचानक आपके ऊपर आ सकती है। अधिकारी आपके काम की बारीकी से जांच कर सकते हैं। बिजनेस करने वाले लोगों को सरकारी नियम, टैक्स या किसी अथॉरिटी से जुड़े मामले में अतिरिक्त सावधानी रखनी चाहिए। घर और काम के बीच बैलेंस बिगड़ने से तनाव बढ़ सकता है। हर बात को अपने ऊपर लेने से बचना जरूरी होगा।
उपाय: शनिवार को जरूरतमंद व्यक्ति को काली उड़द या काले तिल का दान करें।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के स्वामी भी शनि हैं। सूर्य और शनि के बीच यह तनावपूर्ण एस्पेक्ट आपके फाइनेंशियल मामलों और मानसिक दबाव को बढ़ा सकता है। अचानक कोई खर्च सामने आ सकता है। पुराने पेमेंट, कर्ज या परिवार से जुड़े किसी खर्च की वजह से बजट बिगड़ सकता है। नौकरी में काम का दबाव बढ़ सकता है। आपको किसी ऐसे प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी मिल सकती है जिसे पूरा करने में ज्यादा समय और मेहनत लगे। इस दौरान किसी से बहस करने के बजाय शांत रहना ज्यादा फायदेमंद रहेगा। खास तौर पर ऑफिस में वरिष्ठ व्यक्ति के सामने अपनी बात रखते समय शब्दों का ध्यान रखें।
उपाय: शनिवार को शनि मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
