Shani Sade Sati 2025: शनि देव जब भी एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं तो किसी राशि को शनि साढ़े साती से मुक्ति मिल जाती है तो किसी पर शनि की ये दशा शुरू हो जाती है। 29 मार्च 2025 में शनि देव गुरु की राशि मीन में प्रवेश करने जा रहे हैं। शनि के इस राशि में गोचर शुरू करते ही मंगल की राशि पर शनि साढ़े साती का प्रारंभ हो जाएगा। चलिए आपको बताते हैं ये कौन सी राशि है जिस पर शनि की टेढ़ी नजर पड़ने वाली है।
2025 में किस राशि पर शुरू होगी शनि साढ़े साती?
2025 में शनि के मीन राशि में जाते ही मेष राशि वालों पर शनि साढ़े साती शुरू हो जाएगी। मेष राशि के स्वामी ग्रह मंगल देव हैं। ज्योतिष अनुसार मंगल शनि के शत्रु ग्रह हैं। 29 मार्च 2025 को मेष राशि वालों पर शनि साढ़े साती का प्रारंभ हो जाएगा और फिर अगले साढ़े सात साल तक शनि की इस राशि वालों पर टेढ़ी नजर रहेगी।
क्या मेष राशि के सभी लोगों के लिए साढ़ेसाती बुरी है?
नहीं, ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। ये जरूरी नहीं कि अगर आपकी राशि पर शनि की साढ़े साती चल रही है तो आपके साथ बुरा ही होगा। बल्कि कई लोगों के लिए शनि की ये दशा बेहद फलदायी साबित होती है। ज्योतिष शास्त्र की मानें तो जिन जातकों की कुंडली में शनि मजबूत स्थिति में होते हैं उन्हें शनि साढ़े साती से लाभ प्राप्त होता है। वहीं जिनकी कुंडली में शनि कमजोर स्थिति में विराजमान हों उनके लिए शनि की ये महादशा बेहद कष्टदायी साबित होती है।
शनि साढ़े साती के बुरे प्रभाव से बचने के लिए क्या करें?
अगर आपकी राशि पर शनि साढ़े साती शुरू होने जा रही है तो आप हर शनिवार शनि देव की अराधना करें। शनि मंदिर में शनि की प्रतिमा के समक्ष सरसों या तिल के तेल का दीपक जलाएं। शनिवार के दिन जरूरतमंदों की सहायता करें। किसी का अपमान न करें।
