Mulank 4 People Personality: क्या आप कुछ ऐसे लोगों को जानते हैं जो दूसरों को तो बेहतरीन सलाह देते हैं, लेकिन खुद अपनी मुश्किलों का समाधान नहीं निकाल पाते हैं। यदि हां, तो आपको बता दें कि इसके पीछे केवल परिस्थितियां ही नहीं, बल्कि उनका मूलांक भी जिम्मेदार हो सकता है। दरअसल, अंक ज्योतिष शास्त्र में बताया गया है कि प्रत्येक मूलांक (जन्म तिथि) के लोगों का स्वभाव, सोच, निर्णय लेने की क्षमता व तरीका अलग होता है, जिसका असर उनके व्यक्तित्व और जीवन पर साफ दिखाई देता है। खासतौर पर जन्म तिथि 4, 13, 22 और 31 तारीख यानी मूलांक 4 वाले लोग अपनी ईमानदारी, व्यावहारिक सोच और लोगों को सही दिशा दिखाने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन खुद अपने लिए सही फैसले नहीं ले पाते हैं।
मूलांक 4 वाले कैसे होते हैं?
चलिए पंडित एवं ज्योतिष एक्सपर्ट मयंक शर्मा से जानें मूलांक 4 वाले लोगों की खूबियों और कमियों के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व से जुड़ी खास बातों के बारे में।
मूलांक 4 वालों को जरूर बनाना चाहिए गुरु
मूलांक 4 वालों को किसी न किसी को अपना गुरु जरूर बनाना चाहिए। यदि आप अपने गुरु की सलाह को मानेंगे तो जीवन में कुछ बड़ा भी हासिल कर सकते हैं। साथ ही अपनी वाणी पर संयम रखें और हर किसी से सीधे तौर पर बात न करें।
मूलांक 4 वालों का सबसे बड़ा शत्रु
क्रोध को मूलांक 4 वालों का सबसे बड़ा शत्रु माना जाता है। इसके कारण न सिर्फ इनके वैवाहिक जीवन में उतार-चढ़ाव आता है, बल्कि कार्यक्षेत्र में भी इन्हें विभिन्न चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कहा जाता है कि मूलांक 4 वाले यदि अपने गुस्से पर काबू करते हैं तो कभी किसी बड़ी मुसीबत में नहीं फंसते हैं।
मूलांक 4 वालों की लव लाइफ कैसी रहती है?
बता दें कि मूलांक 4 वालों का प्रेम जीवन बहुत अच्छा रहता है, लेकिन इनके जीवनसाथी को एक चीज को लेकर इनसे हमेशा शिकायत रहती है कि ये स्ट्रेट फॉरवर्ड यानी सीधे और स्पष्ट तरीके से अपनी हर बात रखते हैं। कई बार बातों को व्यक्त करने का तरीका इनका सही नहीं होता है, जिससे उन्हें बहुत दुख भी होता है।
मूलांक 4 वालों के दोस्त और दुश्मन
- मूलांक 4 वालों की मूलांक 2 और मूलांक 4 वालों के साथ दोस्ती बहुत अच्छी रहती है।
- मूलांक 4 वालों की मूलांक 1 और 3 वालों के साथ दोस्ती सामान्य रहती है।
- मूलांक 4 वालों की मूलांक 2, 6 और 8 वालों के साथ दोस्ती लंबे समय तक चलती है। ये न सिर्फ इनके साथ ईमानदार रहते हैं, बल्कि हर परिस्थिति में सहयोग भी करते हैं।
- मूलांक 4 वालों की मूलांक 9 और 7 वालों के साथ दोस्ती लंबे समय तक नहीं चलती है। साथ ही इन लोगों की शादी होनी भी सही नहीं रहती है। यदि आप इन मूलांक वालों से शादी करते हैं तो हमेशा परेशान रहेंगे। साथ ही आपका रिश्ता लंबे समय तक टिक नहीं पाएगा।
मूलांक 4 वालों के शुभ दिन
सोमवार, शुक्रवार और शनिवार का दिन मूलांक 4 वालों के लिए काफी भाग्यशाली रहता है। यदि ये इन दिनों किसी नए काम की शुरुआत करते हैं तो उसमें सफलता हासिल जरूर करते हैं।
मूलांक 4 वाले के शुभ-अशुभ रंग
सफेद, ऑफ व्हाइट, क्रीम, पीला, काला, भूरा और गहरा नीला रंग मूलांक 4 वालों के लिए शुभ रहता है। वहीं, लाल और गहरा पीला रंग इनके लिए शुभ नहीं होता है।
मूलांक 4 वालों की गोल्डन एज
मूलांक 4 वालों के लिए उम्र 32 से 36 तक का समय काफी अच्छा रहता है। इन वर्षों में जीवन में बड़े बदलाव आते हैं, जो सफलता की तरफ लेकर जाते हैं। साथ ही इस समय इन्हें जीवन की सबसे बड़ी खुशी मिलने की संभावना अधिक होती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इस मूलांक वालों की बोली हुई बातें अक्सर सच होती हैं
मूलांक 4 वालों के भाग्यशाली वर्ष
जिन लोगों की आयु इस समय 25 साल से ज्यादा है, उनके लिए वर्ष 2026 के साथ-साथ 2029, 2032, 2034 और 2036 भी बहुत ज्यादा अच्छे रहेंगे। इस दौरान न सिर्फ आपको कोई बड़ी सफलता मिलेगी, बल्कि वैवाहिक जीवन को लेकर भी आप चिंता मुक्त रहेंगे।
बता दें कि मूलांक 4 वालों के जीवन से जुड़ी ये तमाम जानकारी सामान्य है। व्यक्ति की वास्तविक कुंडली में ग्रहों की स्थिति, महादशा और अन्य योगों के आधार पर इनकी खूबियों और कमियों में वक्त के साथ बदलाव होना संभव है।
डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।
