LIVE

मकर संक्रांति की पूजा विधि, मंत्र, कथा, आरती सबकुछ जानें यहां

मकर संक्रांति की पूजा विधि, मंत्र, कथा, आरती सबकुछ जानें यहां
मकर संक्रांति की पूजा विधि, मंत्र, कथा, आरती सबकुछ जानें यहां

मकर संक्रांति का पर्व इस साल 15 जनवरी को मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं अनुसार इस दिन सूर्य देव अपने पुत्र शनि के घर जाते हैं। ज्योतिष में शनि को मकर और कुंभ राशियों का स्वामी माना गया है और जब सूर्य देव मकर राशि में प्रवेश करते हैं तब मकर संक्रांति पर्व मनाया जाता है। हिंदू धर्म में इस त्योहार का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन लोग स्नान-दान करते हैं। मकर राशि में सूर्य के प्रवेश के साथ ही शादी, गृह प्रवेश, वाहन खरीदना, घर बनाना, घर खरीदना, मुंडन जैसे हर शुभ कार्य शुरू कर दिए जाते हैं।

मकर संक्रांति 2023 शुभ मुहूर्त (Makar Sankranti 2023 Muhurat)
मकर संक्रांति 2023- 15 जनवरी 2023 (रविवार)
पुण्य काल मुहूर्त- सुबह 07:15 से दोपहर 12:30 तक
महापुण्य काल मुहूर्त - सुबह 07:15 से सुबह 09:15 तक

मकर संक्रांति पर क्या करते हैं? मकर संक्रांति पर सुबह-सुबह पवित्र नदियों में स्नान करने की परंपरा है। अगर नदी स्नान संभव न हो तो घर पर ही नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान कर लें। इसके बाद सूर्य देव को जल चढ़ाएं और उनके मंत्रों का जाप करें। इसके बाद जरूरतमंदों को तिल, कंबल, गुड़, खिचड़ी, उड़द इत्यादि चीजों का दान करें। इस दिन खिचड़ी का सेवन जरूर करें। कहते हैं मकर संक्रांति पर खिचड़ी का सेवन और दान करने से ग्रह मजबूत होते हैं। जिससे जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इस दिन तिल का सेवन भी जरूर करें।

JAN 15, 2023 09:31 IST

सूर्य देव की आरती

ऊँ जय सूर्य भगवान,
जय हो दिनकर भगवान ।
जगत् के नेत्र स्वरूपा,
तुम हो त्रिगुण स्वरूपा ।
धरत सब ही तव ध्यान,
ऊँ जय सूर्य भगवान ॥
॥ ऊँ जय सूर्य भगवान..॥
सारथी अरूण हैं प्रभु तुम,
श्वेत कमलधारी ।
तुम चार भुजाधारी ॥
अश्व हैं सात तुम्हारे,
कोटी किरण पसारे ।
तुम हो देव महान ॥
॥ ऊँ जय सूर्य भगवान..॥
ऊषाकाल में जब तुम,
उदयाचल आते ।
सब तब दर्शन पाते ॥
फैलाते उजियारा,
जागता तब जग सारा ।
करे सब तब गुणगान ॥
॥ ऊँ जय सूर्य भगवान..॥
संध्या में भुवनेश्वर,
अस्ताचल जाते ।
गोधन तब घर आते॥
गोधुली बेला में,
हर घर हर आंगन में ।
हो तव महिमा गान ॥
॥ ऊँ जय सूर्य भगवान..॥
देव दनुज नर नारी,
ऋषि मुनिवर भजते ।
आदित्य हृदय जपते ॥
स्त्रोत ये मंगलकारी,
इसकी है रचना न्यारी ।
दे नव जीवनदान ॥
॥ ऊँ जय सूर्य भगवान..॥
तुम हो त्रिकाल रचियता,
तुम जग के आधार ।
महिमा तब अपरम्पार ॥
प्राणों का सिंचन करके,
भक्तों को अपने देते ।
बल बृद्धि और ज्ञान ॥
॥ ऊँ जय सूर्य भगवान..॥
भूचर जल चर खेचर,
सब के हो प्राण तुम्हीं ।
सब जीवों के प्राण तुम्हीं ॥
वेद पुराण बखाने,
धर्म सभी तुम्हें माने ।
तुम ही सर्व शक्तिमान ॥
॥ ऊँ जय सूर्य भगवान..॥
पूजन करती दिशाएं,
पूजे दश दिक्पाल ।
तुम भुवनों के प्रतिपाल ॥
ऋतुएं तुम्हारी दासी,
तुम शाश्वत अविनाशी ।
शुभकारी अंशुमान ॥
॥ ऊँ जय सूर्य भगवान..॥
ऊँ जय सूर्य भगवान,
जय हो दिनकर भगवान ।
जगत के नेत्र रूवरूपा,
तुम हो त्रिगुण स्वरूपा ॥
धरत सब ही तव ध्यान,
ऊँ जय सूर्य भगवान ॥
JAN 15, 2023 08:34 IST

सूर्य प्रार्थना मंत्र

सूर्य भगवान की प्रार्थना करते हुए इस मंत्र का जाप करें।

ग्रहाणामादिरादित्यो लोक लक्षण कारक:।

विषम स्थान संभूतां पीड़ां दहतु मे रवि।।
JAN 15, 2023 07:38 IST

मकर संक्रांति का महत्व (Makar Sankranti 2023 Significance)

हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मकर संक्रांति के दिन से ही हर तरह के मांगलिक कार्यों का शुभारंभ कर दिया जाता है। इस दिन से शादी, गृह प्रवेश, नये वाहन की खरीदारी, घर बनाने, घर खरीदने, मुंडन आदि जैसे शुभ कार्य किए जा सकते हैं। मकर संक्रांति के दिन दान-दक्षिणा का भी बेहद महत्व बताया गया है। कहते हैं इस दिन जो मनुष्य अपनी स्वेच्छा से जरूरतमंदों को दान पुण्य करता है उसे शुभ फल की प्राप्ति होती है। बता दें मकर संक्रांति का पर्व नई फसल और नए ऋतु के आगमन की खुशी प्रकट करने के लिए मनाया जाता है।
JAN 15, 2023 07:18 IST

मकर संक्रांति पर लगते हैं तीर्थ दर्शन और मेले

देश में कई जगहों पर मकर संक्रांति के दिन मेले आयोजित किए जाते हैं। खासकर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दक्षिण भारत में इस दिन बड़े भव्य और खूबसूरत मेलों का आयोजन होता है। इस दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा और देश की अन्य पवित्र नदियों में स्नान और दान इत्यादि करने पहुंचते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्री कृष्ण ने कहा है कि जो भी व्यक्ति मकर संक्रांति पर देह का त्याग करता है उसे मोक्ष की प्राप्ति अवश्य होती है।
JAN 15, 2023 06:55 IST

मकर संक्रांति पर कंबल दान

मकर संक्रांति के दिन गरीब व्यक्ति को कंबल का दान करना चाहिए। ऐसा करने से आपकी कुंडली से राहु के अशुभ प्रभाव दूर होंगे। इस बात का ध्यान रखें कि कंबल इस्तेमाल किया हुआ न हो।
JAN 15, 2023 06:40 IST

मकर संक्रांति पर उड़द का दान

ज्‍योतिष में उड़द की दाल का संबंध शनि ग्रह से माना जाता है। मकर संक्रांति पर उड़द की दाल की खिचड़ी ही खाई और दान की जाती है। इस दिन उड़द का दान करने से शनि की साढ़ेसाती या फिर ढैय्या से राहत मिलती है।
JAN 15, 2023 06:20 IST

मकर संक्रांति पर घी का दान

मकर संक्रांति के दिन घी का दान करना बेहद शुभ माना जाता है। क्योंकि घी को सूर्य और गुरु ग्रह से जोड़कर देखा जाता है। क्योंकि मकर संक्रांति का पर्व सूर्य की आराधना का पर्व है ऐसे में घी का दान करने से कुंडली में सूर्य और गुरु ग्रह मजबूत होंगे। जिससे जीवन में सुख-समृद्धि आएगी।
JAN 15, 2023 06:02 IST

मकर संक्रांति पर तिल का दान

मकर संक्रांति पर तिल के दान का सबसे अधिक महत्व माना जाता है। इस दिन तिल का दान करने से कुंडली में शनि मजबूत होते हैं। मकर संक्रांति के दिन तिल और गुड़ से बनी चीजों का सेवन करने के साथ-साथ इन्हें मंदिरों में दान भी करना चाहिए।
JAN 15, 2023 05:45 IST

मकर संक्रांति पर खिचड़ी का दान

मकर संक्रांति पर खिचड़ी का विशेष महत्व माना जाता है। कई जगह इस त्योहार को खिचड़ी के नाम से ही जाना जाता है। मकर संक्रांति पर खिचड़ी खाने और दान करने से ग्रह मजबूत होते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि खिचड़ी में प्रयोग किए जाने वाली हर चीज का किसी न किसी ग्रह से संबंध होता है।
JAN 15, 2023 05:24 IST

मकर संक्रांति पर गुड़ का दान

ज्‍योतिष में गुड़ को गुरु ग्रह से जोड़कर देखा जाता है। कहते हैं मकर संक्रांति के दिन जो गुड़ का दान करता है उसकी कुंडली में गुरु ग्रह मजबूत हो जाते हैं। गुरु के मजबूत होने से जातकों को करियर में तरक्‍की हासिल होती है।
JAN 15, 2023 05:11 IST

आज है मकर संक्रांति

आज यानी 15 जनवरी को पूरे देश में मकर संक्रांती का पावन पर्व मनाया जा रहा है। भविष्यपुराण में वर्णित एक कथा के अनुसार इस दिन भागीरथ की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर मां गंगा धरती पर अवतरित हुई थी। इस दिन सूर्योदय से पहले उठकर स्नान आदि कर गरीब व जरूरतमंद व्यक्ति को दान आदि करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा कष्टों का निवारण होता है
JAN 14, 2023 22:20 IST

Makar Sankranti 2023: भीष्म पितामह ने त्यागे थे प्राण

पौराणिक कथाओं के अनुसार मकर संक्रांति के दिन प्राण निकलने से व्यक्ति का पुनर्जन्म होने के बजाए सीधे ब्रह्म लोक की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि भीष्म पितामह ने 58 दिनों तक बाणों की शैया पर रहने के बाद प्राण त्यागने के लिए सूर्य के उत्तरायण का इंतजार किया था।
JAN 14, 2023 21:37 IST

Makar Sankranti 2023: एक ही रंग के हो कंबल

मकर संक्रांति के दिन कंबल का दान करते वक्त ध्यान रखें कि दोनों रंग यानी काले और सफेद रंग एक ही कंबल में हों।
JAN 14, 2023 21:33 IST

Makar Sankranti 2023: दूर होते हैं सारे कष्ट

काले और सफेद रंग के कंबल को 21 बार अपने ऊपर से उतारकर दान करने से आपके सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।
JAN 14, 2023 20:34 IST

Makar Sankranti 2023 Daan: शनि का दान है काली वस्तु का दान

मकर संक्रांति पर काली वस्तु का दान शनि का दान भी कहा जाता है। शीत निवारक वस्तुएं दान करना इस माह में शुभ बताया गया है।
JAN 14, 2023 20:15 IST

Makar Sankranti 2023 Kambal Daan: शनि ग्रह रहता है अनुकूल

काले रंग का कंबल दान करने से शनि ग्रह भी अनुकूल रहता है। काले और सफेद रंग के कंबल को 21 बार अपने ऊपर से उतारकर दान करने से आपके सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।
JAN 14, 2023 19:33 IST

Makar Sankranti 2023 Kambal Daan: अवश्य करें कंबल का दान

मकर संक्रांति के पर्व पर कंबल का दान अवश्य करें। यदि कंबल का दान नहीं कर पा रहे हैं तो गर्म वस्त्र का दान जरूर करें। इससे राहु और केतु ग्रह के दोष शांत हो जाते हैं।
JAN 14, 2023 19:06 IST

Makar Sankranti 2023 Surya Arghya: आध्यात्मिक शक्तियों का विकास

इस दिन तांबे के लोटे से सूर्य भगवान को अर्घ्य देने से पद और सम्मान में वृद्धि होती है। माना जाता है क‍ि इससे शारीरिक और आध्यात्मिक शक्तियों का विकास होता है।
JAN 14, 2023 18:38 IST

Makar Sankranti 2023 Ganga Snan Rules: पानी में मिलाएं तिल, गुड़ और गंगाजल

मकर संक्रांति में गंगा स्नान का विशेष महत्व है। यदि आप गंगा स्नान नहीं कर सकते हैं तो इस दिन सुबह शुभ मुहूर्त में स्नान करते समय पानी में काला तिल, गुड़ और गंगाजल जरूर मिला लें।
JAN 14, 2023 18:03 IST

Makar Sankranti 2023: वाणी पर रखना चाहिए संयम

मकर संक्रांति के दिन लोगों को अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए। इस दिन गुस्सा करने से बचें और किसी को भी बुरा-भला ना कहें।