Somwar Ke Upay: सोमवार का दिन देवों के देव महादेव ही नहीं, चंद्र ग्रह को भी समर्पित है, जो कि मन, सुख, भावना, चंचलता, मानसिक शांति और जल से जुड़े कार्यों के कारक हैं। जिन लोगों का मन अशांत रहता है, बार-बार चीजें भूलते हैं, तनाव रहता है, माता से लड़ाई होती है या किसी भी कार्य में मन नहीं लगता है तो ऐसे में वो चंद्र के कुछ सरल ज्योतिषीय उपायों को अपना सकते हैं। मान्यता है कि सोमवार के दिन चंद्र ग्रह को मजबूत करने के लिए किए गए उपायों से काफी लाभ होता है। साथ ही मानसिक और शारीरिक सेहत पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
चलिए अब जानें सोमवार के दिन करने वाले 3 ऐसे आसान उपायों के बारे में, जिन्हें अपनाकर मन को शांत और स्मरण शक्ति को मजबूत किया जा सकता है। साथ ही यहां पर आप कमजोर चंद्र के लक्षण और मजबूत चंद्रमा के लाभ के बारे में जानेंगे।
चंद्र देव की कृपा पाने के अचूक उपाय
- चंद्र देव को खुश करने के लिए सोमवार के दिन भगवान शिव और मां पार्वती की साथ में पूजा करें। साथ ही शिवलिंग का कच्चे दूध से अभिषेक करें और भोलेबाबा को कच्चा दूध, दही, सफेद चंदन, गंगाजल, भस्म, अक्षत, सफेद आंकड़े व धतूरे के सफेद फूल जैसी सफेद चीजें अर्पित करें।
- यदि आप मानसिक या शारीरिक समस्या का सामना कर रहे हैं तो सोमवार के दिन चावल, गंगाजल, आटा, चंदन, दूध, दही, अक्षत, चीनी या वस्त्र आदि सफेद रंग की चीजों का दान कर सकते हैं। बता दें कि इन चीजों के दान से न सिर्फ आपको चंद्र देव की विशेष कृपा प्राप्त होगी, बल्कि पाप भी नष्ट होंगे। इसके अलावा सेहत में भी काफी सुधार देखने को मिलेगा।
- शांत मन और मजबूत याददाश्त के लिए आप चांदी की चेन, कड़े, पायल या कान के टॉप्स को धारण कर सकते हैं। माना जाता है कि चांदी धारण करने से मानसिक शांति मिलती है और एकाग्रता शक्ति बढ़ती है। साथ ही सेहत में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं, लेकिन चांदी को किसी ज्योतिषी की सलाह लेकर ही धारण करें।
चंद्र देव की कृपा के लाभ
- मन शांत रहता है।
- मानसिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता है।
- भावनाएं स्थिर रहती हैं।
- याददाश्त मजबूत होती है।
- एकाग्रता शक्ति बढ़ती है।
- निर्णय लेने में दिक्कत नहीं होती है।
- माता के साथ रिश्ता बेहतर होता है।
- व्यक्तित्व में आकर्षण बढ़ता है।
- पारिवारिक कलह समाप्त होते हैं।
- वैवाहिक जीवन में लगातार प्रेम बढ़ता जाता है।
- अनिद्रा की समस्या से मुक्ति मिलती है।
- हार्मोनल असंतुलन की समस्या नहीं रहती है।
- शारीरिक रोग दूर होते हैं।
- रचनात्मक चीजों में मन लगता है।
कमजोर चंद्रमा के लक्षण
जिन लोगों की जन्म कुंडली में चंद्रमा की स्थिति कमजोर होती है या चंद्र दोष होता है, उनकी भावनाएं अस्थिर रहती हैं। व्यक्ति छोटी-छोटी बातों पर भावुक होने लगता है और किसी भी काम में मन नहीं लगता है। मन में बेचैनी और ओवरथिंकिंग की समस्या रहती है। नींद और आत्मविश्वास में कमी आती है। साथ ही व्यक्ति का आएदिन अपनी माता से झगड़ा होता है, जिसकी वजह से घर का माहौल खराब रहता है। इसी के साथ बार-बार सर्दी, जुकाम, कफ और लो ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है। इसके अलावा व्यक्ति चीजों को भूलने लगता है यानी उसकी याददाश्त कमजोर होने लगती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इस मूलांक वाले लोगों को सही रास्ता दिखाते हैं, लेकिन खुद भटक जाते हैं
डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।
