अध्यात्म

कब किस भगवान की पूजा करें? जानिए इच्छाओं के अनुसार देवी-देवताओं की कृपा पाने का मार्ग

Kab Kis Bhagvan Ke Puja Kare: क्या आप जानते हैं कि अलग-अलग मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए अलग-अलग देवी-देवताओं की पूजा की जाती है? यदि नहीं, तो चलिए प्रसिद्ध ज्योतिषी एवं वास्तु विशेषज्ञ डॉ. जय मदान से जानें कि किस भगवान की आराधना से कौन-सी इच्छा पूर्ण होने की मान्यता है।

Image

किस भगवान की पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं?

Kab Kis Bhagvan Ke Puja Kare: हर व्यक्ति की अलग-अलग इच्छाएं होती हैं, जिनकी पूर्ति के लिए वो मेहनत भी करते हैं। साथ ही कई लोग देवी-देवताओं की पूजा व विभिन्न धार्मिक उपायों को अपनाते हैं। दरअसल, सनातन धर्म में देवी-देवताओं की उपासना का विशेष महत्व है, जो कि किसी न किसी विशेष शक्ति व कृपा के प्रतीक हैं। मान्यता है कि पूर्ण श्रद्धा और विधि से की गई पूजा जीवन की तमाम बाधाओं को दूर करने और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए सहायक होती है। यदि आप भी धन, सुख, शादी, पढ़ाई, त्वचा, करियर, जमीन और स्वास्थ्य जैसी इच्छाओं की पूर्ति करना चाहते हैं तो विशेष देवी-देवताओं की पूजा कर सकते हैं।

चलिए प्रसिद्ध ज्योतिषी, अंकशास्त्री, हस्तरेखा विशेषज्ञ और वास्तु विशेषज्ञ डॉ. जय मदान से जानें कौन से भगवान की पूजा करने से क्या लाभ होता और कौन सी इच्छाओं की पूर्ति होने की संभावना बढ़ जाती है।

शादी से जुड़ी समस्याओं के लिए किस भगवान की पूजा करें?

  • जिन लोगों की शादी नहीं हो रही है या विवाह होने में बार-बार परेशानी आ रही है, उन्हें शिव जी और माता पार्वती की पूजा करने की सलाह दी जाती है। साथ ही विवाहित और रिलेशनशिप में मौजूद लोगों को भी शिव-शक्ति जी की पूजा करनी चाहिए। इससे आपके प्रेम जीवन में आ रही परेशानियां कम होंगी।
  • शादी से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए गणेश जी, राधा-कृष्ण, सीता-राम और लक्ष्मी-विष्णु जी की साथ में पूजा करना भी शुभ होता है।
  • यदि आप अपने लव पार्टनर से अलग हो गए हैं तो उनसे फिर से मिलने के लिए राम जी और हनुमान जी की पूजा करें। बता दें कि सीता जी और राम जी का मिलन भी हनुमान जी के द्वारा हुआ था।
  • शादी होने में देरी हो रही है तो देवगुरु बृहसप्ति की पूजा करें क्योंकि ये विवाह के कारक हैं।

पैसों से जुड़ी समस्याओं के लिए किस भगवान की पूजा करें?

जिन लोगों को पैसों से जुड़ी समस्या है, उन्हें मां लक्ष्मी, कुबेर देव और विष्णु जी की पूजा करनी चाहिए। मां लक्ष्मी को धन की देवी माना जाता है, जबकि कुबेर जी धन के देवता हैं। वहीं, विष्णु जी जगत के पालनहार हैं, जिनकी कृपा से आर्थिक तंगी को दूर किया जा सकता है।

बेकार की चिंताओं से मुक्ति कैसे पाएं?

जिन लोगों के मन में हर समय किसी न किसी चीज का डर बना रहता है, उन्हें हनुमान जी की पूजा करनी चाहिए। बजरंग बली की उपासना करने से डर, चिंता, क्रोध, मानसिक तनाव और लालच आदि नकारात्मक भावों से मुक्ति मिलती है। साथ ही हेल्थ अच्छी रहती है।

पढ़ाई में मन लगाने के लिए क्या करें?

पढ़ाई से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने के लिए मां सरस्वती की उपासना करना शुभ होता है। दरअसल, मां सरस्वती ज्ञान और विद्या की देवी हैं, जिनकी कृपा से दिमाग तेज होता है और पढ़ाई में मन लगता है। साथ ही व्यक्ति किसी विशेष कला में निपुण हो सकता है।

विशेष मनोकामना को पूरा करने के लिए किसकी पूजा करें?

पूरी मेहनत करने के बाद भी यदि आपको सफलता नहीं मिल रही है या काम बनते-बनते बिगड़ जाते हैं तो गणेश जी की पूजा करें। साथ ही किसी विशेष मनोकामना की पूर्ति के लिए गणपति बप्पा की उपासना करने की सलाह दी जाती है।

किसी गरीब व्यक्ति के कारण परेशान हैं तो क्या करें?

यदि किसी गरीब व्यक्ति की वजह से आप परेशानी में हैं तो शनि देव के साथ-साथ राहु और केतु ग्रह की उपासना करें। साथ ही इन तीनों ग्रहों से संबंधित चीजों का दान करें।

जमीन से जुड़ी दिक्कतों को कैसे दूर करें?

यदि आप किसी जमीन के मामले के कारण परेशानी में हैं तो मंगल देव की आराधना करें। मंगल देव को भूमि और संपत्ति का कारक माना जाता है, जिनकी कृपा से जमीन से जुड़े मामले सुलझते हैं।

बता दें कि सच्चे मन से किसी भी भगवान की पूजा करना शुभ होता है जिनकी कृपा से हर तरह की मनोकामना को पूर्ण किया जा सकता है, लेकिन प्रत्येक देवी-देवता किसी न किसी शक्ति के प्रतीक हैं, जिनकी सही विधि से उपासना करने पर शीघ्र फल मिलता है।

डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्‍स नाउ नवभारत इसकी पुष्‍ट‍ि नहीं करता है।

Nidhi Jain
निधि जैनauthor

निधि जैन Times Now नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के तौर पर जुड़ी हैं। इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 साल से ज्यादा का अनुभव है। पढ़ने और लिखने के प्रति इनकी रुचि ही इन्हें जर्नलिज्म की ओर लेकर आई। निधि अब तक हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों पर 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article