Jyeshtha Mah Ka Bada Mangal 2026 : हिंदू धर्म में ज्येष्ठ माह के मंगलवार का विशेष महत्व माना जाता है। इन्हें बड़े मंगल या बुढ़वा मंगल के नाम से जाना जाता है। इस वर्ष पुरुषोत्तम (अधिक) मास के कारण ज्येष्ठ माह का महत्व और भी बढ़ गया है। 9 जून 2026, मंगलवार को अधिक ज्येष्ठ माह का 6वां बड़ा मंगल मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन बजरंगबली की पूजा-अर्चना करने से भय, रोग, शत्रु और संकट दूर होते हैं तथा जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। हनुमान जी को कलियुग का जागृत देवता माना गया है। कहा जाता है कि सच्चे मन से उनकी उपासना करने पर वे अपने भक्तों के सभी कष्ट हर लेते हैं। यदि आप भी बड़े मंगल के दिन कुछ विशेष उपाय करते हैं तो भगवान हनुमान की कृपा प्राप्त हो सकती है।
आज बड़े मंगल पर हनुमान जी की पूजा
क्यों खास होता है बड़ा मंगल
ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले मंगलवार को हनुमान जी की विशेष पूजा का विधान है। उत्तर भारत, खासकर उत्तर प्रदेश में बड़े मंगल का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन मंदिरों में विशेष पूजा, भंडारे और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाता है। मान्यता है कि बड़े मंगल पर किए गए दान-पुण्य और पूजा का फल कई गुना बढ़ जाता है। इसके साथ ही हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। आज के दिन हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए आप ये 4 काम कर सकते हैं।
1. हनुमान मंदिर में चोला और सिंदूर अर्पित करें
बड़े मंगल के दिन सुबह स्नान के बाद हनुमान मंदिर जाएं और बजरंगबली को सिंदूर, चमेली का तेल और लाल फूल अर्पित करें। यदि संभव हो तो हनुमान जी का चोला चढ़ाएं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इससे ग्रह बाधाएं कम होती हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
2. सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का करें पाठ
हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए सुंदरकांड का पाठ अत्यंत फलदायी माना गया है। यदि पूरा सुंदरकांड पढ़ना संभव न हो तो कम से कम हनुमान चालीसा का पाठ अवश्य करें। मान्यता है कि इससे मानसिक तनाव दूर होता है और साहस तथा आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
3. बंदरों और जरूरतमंदों को भोजन कराएं
हनुमान जी की कृपा पाने के लिए बड़े मंगल के दिन बंदरों को गुड़, चना या फल खिलाना शुभ माना जाता है। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को भोजन, जल या वस्त्र का दान करना भी पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि सेवा और दान से बजरंगबली शीघ्र प्रसन्न होते हैं।
4. राम नाम का करें जाप
हनुमान जी भगवान राम के अनन्य भक्त हैं। इसलिए बड़े मंगल के दिन "श्रीराम जय राम जय जय राम" या "राम-राम" का जप करना विशेष फलदायी माना गया है। कहा जाता है कि जहां राम नाम का स्मरण होता है, वहां हनुमान जी की कृपा स्वतः प्राप्त होती है।
बड़े मंगल पर क्या करें और क्या न करें
बड़े मंगल के दिन सात्विक भोजन करना चाहिए। क्रोध, झूठ, निंदा और किसी का अपमान करने से बचना चाहिए। इस दिन मांस, मदिरा और तामसिक भोजन का सेवन नहीं करना चाहिए। पूजा के दौरान मन को शांत रखकर हनुमान जी का ध्यान करना शुभ माना जाता है।
