अध्यात्म

Janmashtami 2026 Parana Time Today: जन्माष्टमी का व्रत आज कब खोलें, कृष्ण जन्माष्टमी का व्रत खोलने की विधि क्या है

Janmashtami 2026 Parana Time, Vidhi & Niyam: कल 4 सितंबर 2026 को जन्माष्टमी मनाई गई, जिसके व्रत का पारण आज 5 सितंबर को होगा। चलिए जानें जन्माष्टमी का व्रत आज किस समय खुलेगा और पारण की विधि तथा नियम क्या हैं।

Image

जन्माष्टमी का व्रत आज कब और कैसे खोलें? जानें

Janmashtami 2026 Parana Time Today: हिंदू धर्म के लोगों के लिए जन्माष्टमी का पर्व बहुत ही खास होता है, जिसका व्रत हर साल भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रखा जाता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, इस बार 4 सितंबर की सुबह 02 बजकर 25 मिनट से लेकर 5 सितंबर की सुबह 12 बजकर 13 मिनट तक भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि थी। ऐसे में कल 4 सितंबर 2026 को जन्माष्टमी का व्रत रखा गया है। जन्माष्टमी का व्रत जहां कुछ लोग कृष्ण जन्मोत्सव के दिन रात में 12 बजे के बाद खोलते हैं। वहीं, कई लोग अगले दिन सूर्योदय के बाद भी पारण करते हैं।

यदि आप भी आज 5 सितंबर 2026 को जन्माष्टमी के व्रत का पारण करने वाले हैं तो इसका समय, विधि और नियम आदि के बारे में जान लें।

आज जन्माष्टमी व्रत का पारण कब होगा

मान्यता है कि जन्माष्टमी व्रत का पारण सूर्योदय के बाद करना चाहिए, जिस दौरान अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र न हो। आज 5 सितंबर 2026 को सुबह 12 बजकर 13 मिनट पर भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि समाप्त हो गई है, जबकि रोहिणी नक्षत्र कल 4 सितंबर 2026 को देर रात 11 बजकर 04 मिनट पर समाप्त हो गया था। ऐसे में आज 5 सितंबर 2026, शनिवार को जन्माष्टमी व्रत का पारण सुबह 6 बजकर 1 मिनट के बाद करना शुभ रहेगा।

जन्माष्टमी व्रत की पारण विधि क्या है

आज सुबह जल्दी उठने के बाद स्नान आदि कार्य करने के पश्चात शुद्ध कपड़े धारण करें। घर में स्थापित कृष्ण जी की मूर्ति या तस्वीर के सामने चरणामृत, माखन-मिश्री, धनिया पंजीरी, फल और मिठाई अर्पित करें। इस दौरान 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का 11 बार जाप करें। घी का दीपक जलाने के बाद कृष्ण जी की आरती करें। अब कृष्ण जी को अर्पित प्रसाद को खाकर आप अपना व्रत खोल सकते हैं। प्रसाद खाने के बाद ताजे फल या हल्का सात्विक फलाहार ही करें। लंबे उपवास के बाद अचानक भारी भोजन करने से आपकी तबीयत खराब हो सकती है।

जन्माष्टमी व्रत के पारण नियम क्या हैं

यदि आप आज जन्माष्टमी के व्रत का पारण करने वाले हैं तो सबसे पहले कृष्ण जी की पूजा करें। इस दौरान अपने मन को शांत रखें और किसी भी चीज के बारे में न सोचें। भोजन करने से पहले गरीबों को अपनी क्षमता के अनुसार दान करें। पारण के समय बिना प्याज-लहसुन का शुद्ध सात्विक भोजन करें और दिनभर तामसिक भोजन न खाएं। जितना हो सके आज नकारात्मक चीजों से दूर रहें और खुश रहने का प्रयास करें।

जन्माष्टमी का व्रत खोलने से पहले किन चीजों का दान करें

आज प्रात: काल में जन्माष्टमी का व्रत खोलने से पहले आप गरीबों को अन्न, फल, वस्त्र या धन का दान कर सकते हैं। इसके अलावा गाय को हरा चारा और गुड़ खिलाना भी शुभ रहेगा। इससे आपको कृष्ण जी की विशेष कृपा प्राप्त होगी, जिनके आशीर्वाद से जीवन में स्थिरता आएगी और आप चिंता मुक्त रहेंगे।
Nidhi Jain
निधि जैनauthor

निधि जैन Times Now नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के तौर पर जुड़ी हैं। इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 साल से ज्यादा का अनुभव है। पढ़ने और लिखने के प्रति इनकी रुचि ही इन्हें जर्नलिज्म की ओर लेकर आई। निधि अब तक हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों पर 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article