Guru Nanak Gurpurab 2026 Date: सिख धर्म के सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण पर्वों में से एक गुरु नानक जयंती को गुरुपर्व या गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह दिन सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु, गुरु नानक देव जी की जयंती का प्रतीक है। गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और शिक्षाओं से समाज को प्रेम, समानता, सेवा और सच्चाई का रास्ता दिखाया। उनका संदेश केवल किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरी मानवता के लिए था।
गुरुपर्व कब मनाया जाएगा 2026 में, 23 या 24 नवंबर में से देखें गुरु नानक जयंती की सही डेट
साल 2026 में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व नवंबर महीने में मनाया जाएगा। इस दिन देशभर के गुरुद्वारों में विशेष आयोजन होंगे। आइए जानते हैं गुरु पर्व 2026 की सही तारीख, पूर्णिमा तिथि और इस दिन से जुड़ी खास बातें।
गुरु पर्व 2026 कब है Guru Purab 2026 Date)
साल 2026 में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। यह पर्व कार्तिक महीने की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इसे कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती के नाम से भी जाना जाता है। सिख परंपरा में इस दिन को गुरु नानक देव जी के प्रकाश यानी उनके जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। नानकशाही कैलेंडर के अनुसार यह दिन 9 मघ्घर को पड़ता है।
गुरु पर्व 2026 पूर्णिमा तिथि (Guru Nanak Jayanti 2026 Tithi)
हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा तिथि नवंबर में 23 तारीख की रात से शुरू होकर 24 नवंबर की रात तक रहेगी।
- कार्तिक पूर्णिमा तिथि प्रारंभ: 23 नवंबर 2026, रात 11:42 बजे।
- कार्तिक पूर्णिमा तिथि समाप्त: 24 नवंबर 2026, रात 8:23 बजे।
- गुरु नानक जयंती: 24 नवंबर 2026, मंगलवार।
तिथि का समय नई दिल्ली के स्थानीय पंचांग के अनुसार है।
कौन थे गुरु नानक देव जी
गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 में तलवंडी में हुआ था। इस स्थान को आज पाकिस्तान में ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। बचपन से ही उनका झुकाव आध्यात्मिकता और समाज को समझने की ओर था। उन्होंने जीवनभर लोगों को एक ईश्वर में विश्वास रखने, मेहनत करने और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख दी।
गुरु नानक देव जी ने उस समय समाज में फैली ऊंच-नीच, भेदभाव और धार्मिक आडंबरों का विरोध किया। उनका मानना था कि इंसान की पहचान उसके कर्मों से होती है, न कि उसकी जाति, धर्म या सामाजिक स्थिति से। उन्होंने अपनी यात्राओं के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों तक प्रेम और मानवता का संदेश पहुंचाया। उनकी वाणी आज भी सिख धर्म के पवित्र ग्रंथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब में संकलित है।
गुरु नानक जयंती क्यों मनाई जाती है
गुरु नानक जयंती मनाने के पीछे केवल जन्मोत्सव का भाव नहीं है। यह उनके विचारों और जीवन से सीख लेने का अवसर भी है। गुरु नानक देव जी ने समाज को तीन महत्वपूर्ण सिद्धांत दिए, जिन्हें सिख धर्म में आज भी विशेष महत्व दिया जाता है।
- नाम जपो: ईश्वर का स्मरण करें और अपने मन को अच्छे विचारों से जोड़ें।
- किरत करो: ईमानदारी से मेहनत करके अपनी आजीविका कमाएं।
- वंड छको: अपनी कमाई और भोजन को जरूरतमंदों के साथ बांटें।
इन तीन सिद्धांतों में जीवन जीने का एक सरल तरीका छिपा है। यही वजह है कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं।
गुरु पर्व कैसे मनाया जाता है (Guru Purab Celebration)
गुरु पर्व की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू हो जाती हैं। गुरुद्वारों में अखंड पाठ का आयोजन किया जाता है। इसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब का लगातार 48 घंटे तक पाठ होता है। पर्व के दिन इसका समापन किया जाता है। इस अवसर पर नगर कीर्तन भी निकाला जाता है। इसमें पंज प्यारे सबसे आगे चलते हैं। उनके पीछे श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते हैं। रास्ते में जगह-जगह सेवा और लंगर की व्यवस्था की जाती है।
गुरुद्वारों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। शबद-कीर्तन, अरदास और विशेष दीवान सजाए जाते हैं। शाम के समय गुरुद्वारों को रोशनी और दीपों से सजाया जाता है।
