Tulsi Puja Vidhi Without Tulsi Plant : तुलसी विवाह को हिंदू धर्म में बेहद शुभ और पवित्र अनुष्ठान माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप के साथ कराया जाता है। आमतौर पर घरों में तुलसी के पौधे के पास मंडप सजाकर विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं, लेकिन जिन घरों में तुलसी का पौधा नहीं है या सूख गया है तो उनके मन में अक्सर सवाल रहता है कि क्या वे भी तुलसी विवाह कर सकते हैं? क्या तुलसी का पौधा न होने पर यह पूजा अधूरी मानी जाएगी?
तुलसी विवाह कैसे करें
धार्मिक परंपरा में पूजा के दौरान श्रद्धा और संकल्प का विशेष महत्व है। तुलसी का पौधा उपलब्ध न होने पर तुलसी के पत्तों या माता तुलसी के चित्र को प्रतीक मानकर पूजा की जा सकती है। भगवान विष्णु, श्रीकृष्ण या शालिग्राम के साथ प्रतीकात्मक रूप से विवाह की रस्में पूरी की जा सकती हैं। हालांकि, इसे पारंपरिक तुलसी के पौधे के साथ होने वाले विवाह का सिर्फ प्रतीकात्मक विकल्प ही समझना चाहिए।
तुलसी विवाह 2026 कब है?
साल 2026 में तुलसी विवाह शनिवार, 21 नवंबर को मनाया जाएगा। तुलसी विवाह कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के अगले दिन द्वादशी तिथि को होता है। इससे एक दिन पहले यानी शुक्रवार, 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाई जाएगी। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
पंचांग गणना के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि 21 नवंबर की सुबह शुरू होकर 22 नवंबर की सुबह तक रहेगी। तुलसी विवाह की मुख्य पूजा परंपरागत रूप से शाम के समय, विशेषकर गोधूलि बेला में की जाती है। कुछ परिवारों और क्षेत्रों में देवउठनी एकादशी यानी 20 नवंबर की शाम को ही तुलसी विवाह कराने की परंपरा भी है। ऐसे में पूजा की तारीख तय करते समय अपने परिवार की परंपरा और स्थानीय पंचांग का ध्यान रखें।
घर पर तुलसी का पौधा नहीं है तो कैसे करें तुलसी विवाह?
अगर आपके घर में तुलसी का पौधा नहीं है या सूख गया है तो सबसे पहले पूजा के लिए माता तुलसी का प्रतीक तैयार करें। इसके लिए किसी साफ थाली या लकड़ी के पाटे पर तुलसी के कुछ पत्ते रख सकते हैं। यदि तुलसी के पत्ते उपलब्ध नहीं हैं तो माता तुलसी का चित्र स्थापित करके भी प्रतीकात्मक पूजा की जा सकती है। पत्ते या चित्र को साफ कपड़े पर रखें और उसके सामने भगवान शालिग्राम, विष्णु जी या श्रीकृष्ण की मूर्ति अथवा तस्वीर स्थापित करें।
पूजा की शुरुआत स्थान की सफाई और संकल्प के साथ करें। स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र पहनें और पूजा स्थल पर देसी घी दीपक जलाएं। हाथ में जल, अक्षत और पुष्प लेकर भगवान विष्णु तथा माता तुलसी का स्मरण करें। संकल्प में तुलसी विवाह की पूजा श्रद्धापूर्वक संपन्न करने की कामना करें। इसके बाद भगवान विष्णु और माता तुलसी को हल्दी, कुमकुम, चंदन, अक्षत और पुष्प अर्पित करें।
तुलसी विवाह का संकल्प कैसे लें
तुलसी विवाह की पूजा शुरू करने से पहले सबसे पहले भगवान श्री गणेश और भगवान विष्णु का ध्यान करें। इसके बाद अपने दाहिने हाथ में थोड़ा जल, अक्षत, एक पुष्प, सिक्का और सुपारी लेकर पूजा का संकल्प लें। तीन बार ‘ॐ विष्णवे नमः’ मंत्र का उच्चारण करें और फिर अपना नाम तथा गोत्र बोलें।
इसके बाद भगवान विष्णु और माता तुलसी का स्मरण करते हुए कहें कि हे प्रभु, मैं अपने परिवार की सुख-समृद्धि, मनोकामनाओं की पूर्ति और जीवन के कष्टों के निवारण के लिए तुलसी विवाह का आयोजन कर रहा/रही हूं। कृपया मेरी पूजा और इस विवाह संस्कार को स्वीकार करें। संकल्प पूरा होने के बाद हाथ में रखी सामग्री और जल को किसी पात्र में छोड़ दें। इसके साथ ही तुलसी विवाह की आगे की पूजा शुरू करें।
इस तरह पूरी करें विवाह की रस्में
तुलसी विवाह में माता तुलसी को वधू और भगवान शालिग्राम को वर के रूप में पूजा जाता है। पौधा न होने पर तुलसी के पत्तों या चित्र को माता तुलसी का प्रतीक मानकर विवाह की रस्में पूरी की जा सकती हैं। माता तुलसी के प्रतीक को लाल चुनरी या लाल वस्त्र अर्पित करें। भगवान विष्णु या शालिग्राम को पीले वस्त्र अर्पित करें। इसके बाद दोनों को फूलों की माला पहनाएं।
अब माता तुलसी और भगवान विष्णु के प्रतीकों को मौली या कच्चे सूत से प्रतीकात्मक रूप से जोड़ें। यह रस्म विवाह के गठबंधन का संकेत मानी जाती है। इसके बाद भगवान विष्णु और माता तुलसी का पूजन करें। परिवार में प्रचलित परंपरा के अनुसार कन्यादान और विवाह की अन्य रस्मों का संकल्प लेकर उन्हें प्रतीकात्मक रूप से पूरा किया जा सकता है। यदि घर में शालिग्राम नहीं हैं तो भगवान विष्णु या श्रीकृष्ण की मूर्ति अथवा तस्वीर को वर के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
पूजा के दौरान 'ॐ तुलस्यै नमः' और 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप कर सकते हैं। इसके बाद भगवान विष्णु और माता तुलसी की आरती करें। खीर, मिठाई, फल या घर में तैयार सात्विक पकवान का भोग लगाएं। पूजा पूरी होने के बाद परिवार के सदस्यों में प्रसाद बांटें।
