अध्यात्म

Basant Panchami 2023: इस दिन बन रहा अबूझ मुहूर्त का योग, हर शुभ कार्य में मिलेगा बरकत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 22, 2023, 09:44 PM IST

Basant Panchami 2023: शास्त्रों और ज्‍योतिष के अनुसार बसंत पंचमी का दिन बहुत ही शुभ होता है। बसंत पंचमी पर मां सरस्‍वती की कृपा से अबूझ मुहूर्त का योग रहता है। इसलिए इस दिन किसी भी शुभ कार्य को शुरू करने के लिए मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं पड़ती। साधकों पर मां सरस्‍वती की कृपा बनी रहती है।

Image

Basant Panchami 2023_ इस दिन बन रहा अबूझ मुहूर्त का योग, हर शुभ कार्य में मिलेगा बरकत (1)

KEY HIGHLIGHTS
  • बसंत पंचमी पर पूरा दिन रहता है अबूझ मुहूर्त का योग
  • बसंत पंचमी पर नहीं देखना पड़ता दूसरा मुहूर्त
  • बसंत पंचमी के दिन बरसती है मां सरस्‍वती की कृपा

Basant Panchami 2023: हिन्‍दू कैलेंडर के अनुसार इस साल बसंत पंचमी का पर्व 26 जनवरी को है। इस दिन से बसंत ऋतु की शुरुआत हो जाएगी। बसंत पंचमी के दिन ही मां सरस्वती प्रकट हुई थीं। शास्त्रों में इस दिन को बहुत ही शुभ माना जाता है। बसंत पंचमी पर पूरा दिन अबूझ मुहूर्त रहता है। इसका मतलब इस दिन हर तरह के शुभ कार्य बगैर मुहूर्त देखे किया जा सकता है। यही कारण है कि ज्‍यादातर लोग इस दिन सभी तरह के शुभ कार्य करना पसंद करते हैं। आइए जानते हैं बसंत पंचमी पर कौन-कौन से मांगलिक कार्य करना फलदायी होता है।

विवाह

हिन्‍दू धर्म में शादी-ब्याह के लिए शुभ मुहूर्त बहुत जरूरी होता है, जिन लोगों को शुभ मुहूर्त नहीं मिलता, वे बसंत पंचमी के दिन विवाह करना पसंद करते हैं, क्‍योंकि इस दिन अबूझ मुहूर्त रहता है। जिसकी वजह से पूरा दिन विवाह के लिए शुभ माना जाता है। इस दिन विवाह के अलावा सगाई, रिश्ता पक्का करना जैसे कार्य करना भी बहुत ही शुभ माना जाता है।

संस्‍कार कार्य

हिन्‍दू धर्म में जनेऊ संस्कार, मुंडन संस्‍कार और अन्नप्राशन संस्कार जैसे कार्य बसंत पंचमी के दिन करना बहुत ही शुभ फलदायी होता है। इस दिन मुंडन संस्‍कार के समय बच्चों को पीले वस्त्र पहनाएं। इससे मां सरस्‍वती की कृपा से उनका बौद्धिक विकास होगा। स्‍कूली शिक्षा शुरू करने के लिए इस दिन को बहुत अच्‍छा माना जाता है। इस दिन घर में हवन-यज्ञ करने से साधक पर मां सरस्वती और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।

गृह प्रवेश

नए घर में प्रदेश करने जैसा शुभ कार्य शुभ मुहूर्त में किया जाता है। घर में प्रवेश करने से पहले गृह शांति और बरकत के लिए भगवान की पूजा की जाती है। बसंत पंचमी के दिन गृह प्रवेश करने के कार्य को अत्यंत शुभ माना जाता है। ऐसे घर पर मां सरस्‍वती की कृपा बनी रहती है और परिवार में ज्ञान और धन के साथ खुशहाली आती है। बसंत पंचमी पर सुबह से लेकर रात तक गृह प्रवेश कर सकते हैं।

नए कार्य

बसंत पंचमी के दिन घन निर्माण के लिए भूमि पूजन, भवन की नींव रखना, वाहन खरीद, निवेश, नई नौकरी के साथा कारोबार भी शुरू कर सकते हैं। इस दिन शुरू होने वाले इन सभी कार्यों में समृद्धि मिलती है। बस ध्‍यान रखें कि किसी भी नए कार्य को करते समय मां सरस्‍वती का स्‍मरण जरूर करें।

(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article