Dhanteras par kya-kya kharidna chahiye: धनतेरस हिंदू धर्म का एक शुभ पर्व है, जो दिवाली की शुरुआत का प्रतीक है। 18 अक्टूबर 2025 को मनाया जाने वाला यह त्योहार धन्वंतरि, कुबेर और माता लक्ष्मी की पूजा के लिए समर्पित है। परंपरा के अनुसार, इस दिन सोना-चांदी की खरीदारी धन-समृद्धि का द्वार खोलती है, लेकिन हर किसी का बजट इतना नहीं होता है। शास्त्रों की मानें तो जरूरी नहीं है कि धनतेरस पर सोने-चांदी का ही सामान खरीदा जाए। इस दिन आप कुछ सस्ती चीजों की भी खरीदारी कर सकते हैं, जो कि धनतेरस पर खरीदना आवश्यक माना जाता है। ये वस्तुएं नकारात्मक ऊर्जा को दूर करती हैं और घर में सुख-शांति लाती हैं। वहीं, मान्यता ये भी है कि सोने-चांदी के साथ भी आपको इन चीजों को धनतेरस के दिन जरूर खरीदना चाहिए।
धनतेरस पर आवश्यक है इन चीजों की खरीदारी
धनतेरस का महत्व और खरीदारी का शुभ मुहूर्त
धनतेरस पर खरीदारी का विशेष महत्व है, क्योंकि यह दिन स्वास्थ्य, धन और समृद्धि का प्रतीक है। पंचांग के अनुसार, 18 अक्टूबर 2025 को धनतेरस का शुभ मुहूर्त शाम 7:15 बजे से रात 9:40 बजे तक रहेगा। इस समय खरीदारी करने से माता लक्ष्मी की कृपा बरसती है। आइए जानते हैं कि धनतेरस को क्या खरीदना चाहिए।
झाड़ू
झाड़ू को माता लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि साफ-सुथरा घर ही लक्ष्मी का वास स्थान होता है। धनतेरस पर नई झाड़ू खरीदकर घर की सफाई करें और इसे पूजा स्थल पर रखें। इससे दरिद्रता दूर होती है और धन का प्रवेश होता है।
साबुत धनिया के बीज
धनिया के बीजों को धन्वंतरि का प्रतीक माना जाता है। यदि सोना-चांदी नहीं खरीद पा रहे, तो साबुत धनिया जरूर लाएं। इसे लक्ष्मी पूजा में अर्पित करें और कुछ दाने मिट्टी में बो दें। ऐसा करने से पूरे वर्ष धन की कमी नहीं होती है।
हल्दी की गांठ
हल्दी लक्ष्मी और धन्वंतरि दोनों को प्रिय है। साबुत हल्दी की गांठ खरीदकर पूजा करें। यह नकारात्मक ऊर्जा को दूर करती है और स्वास्थ्य-समृद्धि लाती है।
नमक
नमक को बुरी नजर और नकारात्मकता से बचाव का साधन माना जाता है। धनतेरस पर सेंधा नमक या साबुत नमक खरीदें और पूजा के बाद घर के कोनों में रखें। इससे लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।
पान के पत्ते
पान के पत्ते लक्ष्मी को अति प्रिय हैं। 5 पान के पत्ते खरीदकर पूजा में चढ़ाएं। अगले दिन इन्हें नदी में प्रवाहित करें। इससे धन वृद्धि और पारिवारिक सुख मिलता है।
लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति
दीपावली के दिन लक्ष्मी और गणेश की पूजा की जाती है। आपको इस पूजा के लिए धनतेरस के दिन मूर्तियां खरीद लेनी चाहिए। मान्यता है कि इससे घर में शुभ और लाभ का आगमन होता है।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक शास्त्रों पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
