Chitragupta Puja Ka Samay 2025: हिंदू कैलेंडर के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया के दिन भाई दूज के साथ-साथ चित्रगुप्त पूजा की जाती है। 23 अक्टूबर 2025 को यह पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा की जाएगी। भगवान चित्रगुप्त कर्मफल के लेखाकार हैं। इस पूजा को कायस्थ समुदाय के लोग अपने कुलदेवता पूजन के रूप में भी करते हैं। माना जाता है कि कायस्थ समाज के सभी लोग चित्रगुप्त की संतान हैं। हालांकि चित्रगुप्त जी की पूजा कायस्थ समाज के अलावा व्यापारी वर्ग, विद्यार्थी आदि भी करते हैं, क्योंकि चित्रगुप्त जी लेखन के देवता है और इनकी पूजा से सुख और समृद्धि आती है। आइए जानते हैं कि साल 2025 में चित्रगुप्त जी की पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है?
किस समय पर करें चित्रगुप्त पूजा
दीपावली के पांचवें दिन का पर्व है चित्रगुप्त पूजा
चित्रगुप्त पूजा दीपावली के पांचवें दिन, यानी भाई दूज पर होती है। 2025 में द्वितीया तिथि 22 अक्टूबर रात 8:16 बजे से शुरू होकर 23 अक्टूबर रात 10:09 बजे तक रहेगी, इसलिए चित्रगुप्त पूजा आज ही की जाएगी। पौराणिक मान्यता के अनुसार, ब्रह्मा जी ने चित्र (दृश्य) और गुप्त (अदृश्य) से चित्रगुप्त की रचना की थी, जो यमराज को जीवों के पुण्य-पाप का हिसाब देते हैं। व्यापारी इस पूजा से पिछले वर्ष के बही खातों आदि को बंद कर, नए साल के लिए लेखा-जोखा की शुरुआत करते हैं। लेखाकार, व्यापारी और विद्यार्थियों के लिए इस दिन की पूजा विशेष फायदेमंद मानी जाती है। चित्रगुप्त जी बुद्धि, लेखन कला और धन लाभ के दाता हैं।
2025 में चित्रगुप्त पूजा का शुभ मुहूर्त
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, चित्रगुप्त पूजा का आदर्श समय अपराह्न काल होता है। विभिन्न पंचांगों के अनुसार, 2025 का मुख्य मुहूर्त दोपहर 12:45 बजे से 2:30 बजे तक रहेगा, जो लगभग 1 घंटे 45 मिनट का होगा। यह समय विशाखा नक्षत्र और आयुष्मान योग के प्रभाव में है, जो पूजा को फलदायी बनाता है। यदि यह मुहूर्त उपलब्ध न हो, तो प्रातःकालीन विकल्प सुबह 7:30 बजे से 9:00 बजे तक या सायंकालीन शाम 4:30 बजे से 6:00 बजे तक चुनें। राहुकाल (सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक) से बचें।
