Budh Gochar 2026 : वैदिक ज्योतिष में बुध को ग्रहों का राजकुमार कहा जाता है। बुध बुद्धि, वाणी, तर्क क्षमता, शिक्षा, व्यापार, लेखन, संचार और गणना के कारक ग्रह माने जाते हैं। जब भी बुध राशि परिवर्तन करते हैं तो इसका प्रभाव व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता, करियर और आर्थिक स्थिति पर देखने को मिलता है।
बुध के गोचर से किन राशि वालों को लाभ होगा
ज्योतिषीय गणना के अनुसार 22 जून 2026 को दोपहर 3 बजकर 41 मिनट पर बुध ने मिथुन राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश कर लिया है। कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा हैं और बुध व चंद्रमा के संबंध को ज्योतिष में मिलाजुला माना जाता है।
बुध के कर्क राशि में आने से व्यक्ति की सोच में भावनात्मकता बढ़ सकती है और पारिवारिक, संपत्ति व आर्थिक मामलों से जुड़े फैसलों में बुद्धि का उपयोग बढ़ेगा। इस गोचर के दौरान कुछ राशियों को करियर, व्यापार, शिक्षा और धन से जुड़े मामलों में विशेष लाभ मिलने के संकेत हैं।
वृषभ राशि
वृषभ राशि के जातकों के लिए बुध का कर्क राशि में प्रवेश आर्थिक मामलों में अच्छा परिणाम दे सकता है। इस समय धन कमाने के नए अवसर मिल सकते हैं। व्यापार में विस्तार की योजना बना सकते हैं। नौकरी करने वाले लोगों को कार्यक्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। परिवार और संपत्ति से जुड़े मामलों में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। निवेश करते समय सही जानकारी जरूर लें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के स्वामी बुध हैं, इसलिए बुध का यह गोचर इस राशि के जातकों के लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस दौरान नौकरी और व्यापार में नई संभावनाएं मिल सकती हैं। जो लोग मीडिया, लेखन, मार्केटिंग, आईटी, शिक्षा या कम्युनिकेशन से जुड़े क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, उन्हें सफलता मिलने के योग बन सकते हैं। काम करने का तरीका और बातचीत की कला आपको आगे बढ़ने में मदद करेगी। व्यापार करने वाले लोगों को नए संपर्कों से लाभ मिल सकता है। हालांकि भावनाओं में आकर कोई बड़ा फैसला लेने से बचना चाहिए।
कर्क राशि
बुध का गोचर कर्क राशि में ही हुआ है, इसलिए इस राशि के जातकों पर इसका प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दौरान सोचने-समझने की क्षमता बढ़ सकती है। शिक्षा, लेखन, सलाह देने वाले कार्य और व्यापार से जुड़े लोगों को लाभ मिल सकता है। हालांकि भावनात्मक होकर फैसले लेने से बचना होगा। अपनी बुद्धि और अनुभव का सही उपयोग करने से सफलता मिलेगी।
कन्या राशि
कन्या राशि के स्वामी भी बुध हैं। ऐसे में बुध का कर्क राशि में जाना कन्या राशि के जातकों के लिए लाभकारी रह सकता है। इस दौरान नौकरी में प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं। आपकी मेहनत और कार्यशैली की सराहना हो सकती है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स को भी सफलता के लिए बेहतर समय मिल सकता है। व्यापार में योजना बनाकर काम करने से फायदा होगा। आर्थिक स्थिति मजबूत करने के नए रास्ते मिल सकते हैं।
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के लिए बुध का यह गोचर करियर और सामाजिक प्रतिष्ठा के लिए अच्छा माना जा सकता है। इस दौरान आपकी बातचीत और समझदारी आपको सफलता दिला सकती है। नौकरी में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं और व्यापार में नए लोगों से संपर्क बन सकते हैं। जो लोग अपना काम या बिजनेस बढ़ाने की सोच रहे हैं, उनके लिए समय अनुकूल रह सकता है।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए बुध का कर्क राशि में प्रवेश रिश्तों और साझेदारी से जुड़े मामलों में लाभ दे सकता है। व्यापार में पार्टनरशिप करने वालों को फायदा मिल सकता है। नौकरी में सहकर्मियों और अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। इस दौरान अपनी बात स्पष्ट तरीके से रखने से लाभ होगा। पुराने विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाने का मौका मिल सकता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
