Amarnath Yatra 2023: पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में आज सुबह की गई पहली विशेष पूजा, तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे ने यात्रा की शुरू

  • Authored by: दीपक पोखरिया
  • Updated Jul 1, 2023, 12:40 PM IST

Amarnath Yatra 2023: तीर्थयात्री बेस कैंप से लगभग 13,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर तक 12 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। अमरनाथ तीर्थयात्रा के लिए सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।

Amarnath Yatra 2023: पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में आज सुबह पहली विशेष पूजा की गई। वहीं तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे ने अपनी यात्रा (Amarnath Yatra 2023) शुरू कर दी है। तीर्थयात्रा को गांदरबल के उपायुक्त श्यामबीर ने श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बालटाल आधार शिविर में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तीर्थयात्री बेस कैंप से लगभग 13,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर तक 12 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। अमरनाथ तीर्थयात्रा (Amarnath Yatra) के लिए सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।

इससे पहले शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू आधार शिविर से 3,488 तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा के लिए अब तक तीन लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया है। यात्रा के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। बालटाल और पहलगाम मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि नए सुरक्षा पिकेट स्थापित किए गए हैं।

End of Feed