Akshaya Tritya Par Kya Daan Kare (अक्षय तृतीया पर क्या दान करें): अक्षय तृतीया सनातन धर्म का एक प्रमुख पर्व है जो हर साल वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा होती है। मान्यताओं अनुसार इस शुभ दिन पर किए गए दान, स्नान, जप, तप आदि कर्मों का जन्म-जन्मातंर तक फल मिलता है। इस दिन जितना खरीदारी का महत्व होता है उतना ही महत्व दान का भी है। यहां हम आपको बताएंगे कि अक्षय तृतीया पर किन चीजों के दान से मां लक्ष्मी की आप पर विशेष कृपा बनी रहेगी।
अक्षय तृतीया पर करें अन्न दान
भगवद गीता में भी कहा गया है कि भोजन से बड़ा कोई दान नहीं है। ऐसे में अक्षय तृतीया पर अन्न का दान जरूर करें। इस दिन किसी भूखे व्यक्ति को भोजन जरूर कराएं। साथ ही उसे अन्न का दान भी करें। इसके अलावा जानवरों और पक्षियों को भी खाना खिलाएं।
अक्षय तृतीया पर करें जौ का दान
अक्षय तृतीया पर जौ का दान भी अत्यंत शुभ माना जाता है। कहते हैं इससे सभी पापों से मुक्ति मिल जाती है और साथ ही नवग्रह भी शांत होते हैं। शास्त्रों में जौ को सोने के समान माना गया है। ऐसे में यदि आप इस दिन जौ का दान करते हैं तो ये दान आपको सोने के दान जितना शुभ फल देगा।
अक्षय तृतीया पर करें जल का दान
अक्षय तृतीया पर जल का दान महापुण्य की श्रेणी में आता है। इसलिए इस शुभ दिन पर जरूरतमंद लोगों को मिट्टी के बर्तन में जल भरकर दान करना चाहिए। ऐसा करने से मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होगी। आप चाहें तो इस दिन लोगों के लिए प्याऊ लगवा सकते हैं, या अपने घर के बाहर घड़े या मटके में पानी भी रख सकते हैं।
अक्षय तृतीया पर करें वस्त्र दान
अक्षय तृतीया पर जरूरतमंदों को कपड़ों का दान भी जरूर करें। ये उपाय आपको तमाम रोगों से दूर रखेगा और आपके जीवन में सुख-समृद्धि लाएगा।
अक्षय तृतीया पर करें चरण पादुका, छाते और पंखे का दान
अक्षय तृतीया पर जरूरतमंदों को चरण पादुका का दान करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है। क्योंकि इस समय गर्मी अपने चरम पर होती है। ऐसे में इस दिन गरीब लोगों को धूप और गर्मी से बचने के लिए चरण पादुका यानी चप्पल, छाते, पंखे आदि का दान करना चाहिए।
