अध्यात्म

11 January 2025 Ram Mandir Live: आज मनाई जा रही है रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ, जानिए क्या कुछ होगा खास!

11 January 2025 Ram Mandir: 11 जनवरी 2025 को अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस मौके पर राम मंदिर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। चलिए आपको बताते हैं प्राण प्रतिष्ठा सालगिरह पर क्या कुछ खास होने वाला है।

Image

11 January 2025 Ko Kya Hai

11 January 2025 Ram Mandir: हिंदू पंचांग अनुसार अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को आज एक साल पूरा हो गया है। इसलिए इस मौके पर 11 जनवरी 2025 को प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ मनाई जा रही है। लेकिन अब सवाल ये उठता है कि कायदे में तो 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा का एक साल पूरा होगा तो फिर 11 जनवरी को प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव क्यों मनाया जा रहा है। तो आपको बता दें इस उत्सव को मनाने की तिथि हिंदू पंचांग के अनुसार तय की गई है। जैसे दिवाली, होली, गणेश चतुर्थी आदि उत्सव हिंदू तिथि के हिसाब से मनाए जाते हैं ठीक वैसे ही प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ का उत्सव भी इसी अनुसार मनाया जा रहा है। चलिए आपको बताते हैं 11 जनवरी 2025 को अयोध्या राम मंदिर में क्या-क्या होगा।

11 से 13 जनवरी तक मनाया जाएगा प्राण प्रतिष्ठा का वार्षिक समारोह

रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का वार्षिक समारोह 'प्रतिष्ठा द्वादशी' के रूप में 11 से 13 जनवरी तक मनाया जाएगा। इस उत्सव में कई साधु-संत शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए 11 से 13 जनवरी तक राम मंदिर में वीआईपी दर्शन बंद रहेगा। लेकिन आम श्रद्धालु दर्शन पूजन कर सकेंगे। जानकारी अनुसार 11 जनवरी की सुबह 10 बजे से लेकर 12 बजे तक रामलला का श्रंगार, महाअभिषेक और महाआरती की जाएगी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ रामलला की महाआरती करेंगे।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में रामलीला मंचन सहित कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इस दौरान भजन-कीर्तन करते साधु-संतों के साथ आम श्रद्धालु भी रामलला का गुणगान करते नजर आएंगे।

इन जगहों पर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे

  • यज्ञ मंडप
  • राम जन्मभूमि मंदिर का अंदरूनी हिस्सा
  • यात्री सुविधा केंद्र
  • अंगद टीला (यहां 2-3 कार्यक्रमों का आयोजन होगा)

प्राण प्रतिष्ठा सालगिरह कार्यक्रम

रामलला मूर्ति की स्थापना की पहली वर्षगांठ के मौके पर जिन कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है उनमें हर दिन लगभग 6 घंटे तक यानी तीन दिनों के महोत्सव के दौरान 18 घंटों तक 2000 मंत्रोच्चारण के साथ अग्नि देवता को आहुति दी जाएगी। इन तीन दिनों के दौरान हनुमान चालीसा और विष्णु सहस्रनाम का पाठ और भगवान राम के बीज मंत्र का जाप किया जाएगा। जानकारी अनुसार 21 ब्राह्मण मिलकर हर दिन इस काम को करेंगे। राम मंदिर में हर दिन शाम के समय में भगवान के सामने राग सेवा प्रस्तुत की जाएगी।

Laveena Sharma
लवीना शर्माauthor

धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हूं। पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। 10 साल से मीडिया में काम कर रही हूं। पत्रकारिता में करियर की शुरुआत न्यूज 24 से हुई। इसके बाद तमाम चैनलों में काम किया। जहां स्क्रिप्ट राइटिंग, एडिटिंग और एंकरिंग का अनुभव हासिल हुआ। रफ्तार यहीं नहीं रूकी अब चाह थी कुछ नया करने की जिसके लिए मैंने डिजिटल मीडिया में स्विच किया और मैं जनसत्ता से जुड़ गई। जनसत्ता में मैंने अध्यात्म सेक्शन लीड किया। इसके बाद पत्रिका में सेवाएं दी और अब timesnowhindi.com से जु़ड़ी हूं। यहां भी मैं अध्यात्म सेक्शन में कार्यरत हूं। भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और ज्योतिष शास्त्र में मेरा शुरू से ही लगाव रहा है। मेरी कोशिश रहती है कि मैं ऐसा कंटेट लिखूं जिससे बड़े बुजुर्ग ही नहीं बल्कि आज के युवा भी कनेक्ट कर सकें।

और पढ़ें
End of Article