UP Sarkari Naukri 2024, UP Government Jobs 2024: यूपी में सरकारी नौकरी का सपना देखने वालों के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश में अगले 6 महीने तक 15586 पदों पर भर्ती होने जा रही है। इसमें 7172 नए पदों के लिए आवेदन मांगे जाएंगे। जबकि, 10139 पदों के लिए परीक्षा कराते हुए भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दरअसल, राज्य सरकार ने विभिन्न आयोगों को जून 2024 तक भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया था। अब आयोगों ने शासन को इसकी पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी है।
UP Govt Jobs 2024
किन विभागों में कितनी वैकेंसी
यूपी सरकारी को मिली सूचना के मुताबिक जून 2024 तक उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) 5447 पदों पर भर्ती करेगा। वहीं, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा 598 पदों पर भर्ती की जाएगी। जबकि, विद्युत सेवा आयोग उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन 1136 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेश जारी करेगा।
यूपी लेखपाल के कितने पद खाली
उत्तर प्रधेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लेखपाल, अवर अभियंता, कनिष्ठ सहायक और तकनीकी संवर्ग के पदों के लिए आवेदन लेगा। बता दें कि इस साल लेखपाल के 4700 पदों पर भर्ती की जाएगी। आयोग इससे पहले 8085 राजस्व लेखपाल की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले ही आयोग इन भर्तियों का नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर देगा।
परीक्षाओं के नतीजे होंगे घोषित
इस दौरान विभिन्न आयोगों द्वारा 10139 पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रियाओं को भी पूरा किया जाएगा। साथ ही जिन भर्तियों के लिए परीक्षाएं हो चुकी हैं, उनके नतीजे भी जारी किए जाएंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश चयन सेवा आयोग ने हाल ही में सहायक लेखाकार व लेखा परीक्षक के 950 पद, सहायक स्टोर कीपर के 199 पद और आयुर्वेद फार्मासिस्ट के 1002 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। लेटेस्ट अपडेट्स के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी नजर बनाए रखें।
