राजस्थान

जयपुर में 47 केसों का हिस्ट्रीशीटर नकबजन गिरफ्तार, जेल से रिहा होने के बाद फिर कर रहा था वारदातें

जयपुर उत्तर पुलिस ने 47 केसों के हिस्ट्रीशीटर नकबजन समीर शेख उर्फ चांद को गिरफ्तार किया। आरोपी जेल से रिहा होने के बाद फिर लगातार नकबजनी और चोरी की वारदातें कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से सोना-चांदी की ज्वैलरी, नकदी और अपाचे बाइक बरामद की।

Image

जयपुर में 47 केसों का हिस्ट्रीशीटर नकबजन गिरफ्तार, जेल से रिहा होने के बाद फिर कर रहा था वारदातें

जयपुर उत्तर की विद्याधर नगर थाना पुलिस ने लगातार नकबजनी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी समीर शेख उर्फ चांद (निवासी इमाम चौक, श्रीराम टीला, थाना भट्टाबस्ती, जयपुर) 13 अक्टूबर को जेल से रिहा हुआ था और रिहाई के बाद से ही फिर से चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ पहले से ही 47 मामले दर्ज हैं।

लाखों की ज्वैलरी और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 829.59 ग्राम सोने के आभूषण, 807 ग्राम चांदी की ज्वैलरी, पूजा सामग्री, 1,11,525 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है। यह कार्रवाई 29 नवंबर को विद्याधर नगर के मकान संख्या 4/22 में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात के बाद शुरू हुई। परिवादी डॉ. रमेशचंद गुप्ता ने रिपोर्ट दी थी कि 28 नवंबर की रात परिवार समेत समारोह में जाने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर करोड़ों की ज्वैलरी और नकदी चोरी कर ले गए।

CCTV फुटेज से खुली आरोपी की पहचान

वारदात के बाद डीसीपी नॉर्थ करन शर्मा ने शहर में बढ़ती नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निर्देश दिए। इसके बाद एडीसीपी नॉर्थ (द्वितीय) बजरंग सिंह शेखावत, एसीपी शास्त्रीनगर सुरेंद्र सिंह और थानाधिकारी विद्याधर नगर नरेन्द्र खीचड़ के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं।

जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में एक अपाचे बाइक सवार को चोरी कर भागते हुए देखा गया। तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी की पहचान समीर शेख उर्फ चांद के रूप में पक्की हुई।

झुंझुनूं से दबोचा गया हिस्ट्रीशीटर

डीसीपी करन शर्मा के अनुसार, आरोपी के झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली। इस पर 2 दिसंबर को पुलिस टीम रवाना की गई और 4 दिसंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने जेल से छूटने के बाद कई और चोरी की वारदातों का खुलासा किया।

जेल से रिहाई के बाद की गई वारदातें

  • 14 अक्टूबर: सैन कॉलोनी से एक्टिवा चोरी
  • •15 अक्टूबर: मकान 7/315, विद्याधर नगर में नकबजनी
  • •19 अक्टूबर: जनाना अस्पताल के बाहर से अपाचे बाइक चोरी
  • •7 नवंबर: C-58 रामनगर, शास्त्रीनगर में नकबजनी
  • को अंजाम दिया था।

उसने खुलासा किया कि वह रात में बंद घरों की रेकी कर वारदात करता है और चोरी की रकम व ज्वैलरी मौज-मस्ती में उड़ाता है। वारदातों के बाद वह झुंझुनूं में अपनी बहन-बहनोई के पास छुपा हुआ था। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article