राजस्थान

Jaipur: अचानक धड़ाम हो गई पांच मंजिला इमारत, क्रेन के सहारे टिकी थी रातभर, देखें VIDEO

जयपुर के मालवीय नगर में एक पांच मंजिला इमारत खतरनाक रूप से झुक गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में पता चला कि बिना अनुमति के बेसमेंट की खुदाई ने इमारत की मजबूती को कमजोर कर दिया। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया।

Jaipur Building Collapse: जयपुर के मालवीय नगर में JDA ने कार्रवाई करते हुए गिरधर मार्ग पर स्थित पांच मंजिला झुकी हुई इमारत को गिरा दिया। रातभर NDRF, पुलिस और JDA की टीमें साइट पर निगरानी करती रहीं। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि इमारत के बेसमेंट की खुदाई बिना अनुमति के की जा रही थी, जिससे ढांचे की मजबूती प्रभावित हुई और इमारत झुक गई।

जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट की मिट्टी खिसकने लगी थी, जिससे दीवारों में दरारें आ गईं। जैसे ही दरारें दिखीं, वहां काम कर रहे लोग डर के मारे भागने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, सिविल डिफेंस, नगर निगम और जयपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इमारत की स्थिति देखकर हर कोई चिंतित हो गया।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने दो बड़ी क्रेन मंगवाई, दोनों क्रेन से इमारत को सहारा दिया गया ताकि उसे गिरने से रोका जा सके। इसके बाद इंजीनियरों की टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। प्रारंभिक निष्कर्ष में यह पाया गया कि बेसमेंट की मिट्टी खिसकने से इमारत की दीवारों में दरारें पैदा हुई थीं।

जानकारी के मुताबिक, पांच मंजिला इमारत के आसपास कई मकान स्थित हैं, जिन्हें सुरक्षा के मद्देनजर खाली करवा दिया गया था। इमारत के पास से वाहनों का मार्ग भी बंद कर दिया गया था और ट्रैफिक को दूसरी दिशा में मोड़ दिया गया था। बताया जा रहा है कि, नजदीक ही अग्रवाल ईएनटी हॉस्पिटल संचालित है, सामने एक पेट्रोल पंप स्थित है और दूसरी तरफ एक वाणिज्यिक इमारत भी मौजूद है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article