IndiGo Crisis: देशभर में इंडिगो की उड़ान में व्यवधान के बाद रेलवे ने बड़े फैसले लेते हुए ट्रेनों की संख्या में इजाफा करने का एलान किया है। कुछ स्पेशल ट्रेनों के संचालन के साथ कुछ गाड़ियों में कोच की संख्या बढ़ाई गई है। दक्षिण रेलवे व अन्य रेलवे जोन ने यात्रियों की सुविधा के लिए 37 प्रीमियम ट्रेनों में 116 कोच बढ़ाए, जबकि शनिवार को उत्तर पश्चिम रेलवे ने दो विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है, जिनमें दुर्गापुरा- बान्द्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन शामिल है। ये गाड़ियां लगातार बढ़ते फ्लाइट संकट के बीच काफी सहूलियत प्रदान करेंगे, जो विभिन्न राज्यों के बीच संचालित की जाएंगी।
इंडिगो संकट के बीच रेलवे ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें
इन ट्रेनों में बढ़ाए गए कोच
न्यूज एजेंसी भाषा के हवाले से रेल मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी रेलवे (एसआर) ने सबसे अधिक 18 ट्रेनों की क्षमता में वृद्धि की है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती जरूरतों के मद्देनजर 12425/26 जम्मू राजधानी एक्सप्रेस और 12424/23 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में ‘थर्ड एसी’ का एक-एक डिब्बा बढ़ाया गया है। इसी तरह, चंडीगढ़ 12045/46 शताब्दी एक्सप्रेस और 12030/29 अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस में भी एसी चेयर कार का एक-एक डिब्बा बढ़ाया गया है। ये बदलाव इन ट्रेन की आगामी सेवाओं से लागू होंगे और समस्या बनी रहने तक जारी रहेंगे। यात्रियों की मांग में अचानक वृद्धि के कारण रेलवे नयी दिल्ली एवं पटना, मुंबई एवं नयी दिल्ली, अहमदाबाद और नयी दिल्ली के बीच चलने वाली कई ‘प्रीमियम ट्रेन’ में सभी प्रकार के एसी डिब्बों की संख्या बढ़ाने पर काम कर रहा है।
रेलवे ने इन शहरों के बीच दो विशेष ट्रेन चलाई
एक निजी विमानन कंपनी की उड़ानें रद्द होने के कारण उपजे संकट के बीच उत्तर पश्चिम रेलवे ने दो विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है, जिनमें दुर्गापुरा- बान्द्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन शामिल है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार, उड़ानों के रद्द होने के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। हवाई सेवाओं के रद्द होने के कारण अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए रेलवे द्वारा दुर्गापुरा (जयपुर)- बांद्रा टर्मिनस - दुर्गापुरा (जयपुर) स्पेशल (एक फेरा), हिसार-खडकी- हिसार स्पेशल रेलसेवा (एक फेरा) का संचालन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 09729 दुर्गापुरा (जयपुर)-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल रेलसेवा सात दिसंबर को दुर्गापुरा से 12.25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सात बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 09730 बान्द्रा टर्मिनस-दुर्गापुरा (जयपुर) स्पेशल रेलसेवा दिनांक आठ दिसंबर को बांद्रा टर्मिनस से दस बजे रवाना होकर अगले दिन 05.30 बजे दुर्गापुरा पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में बनस्थली निवाई,सवाई माधोपुर, कोटा,रामगंज मंडी, भवानी मंडी, नागदा,रतलाम, वडोदरा, भरूच, सूरत, नवसारी, वलसाड, वापी, पालघ एवं बोरीवली स्टेशन पर रुकेगी।
इस गाड़ी में कुल 23 डिब्बे होंगे।
इसी तरह, गाड़ी संख्या 04725 हिसार-खडकी स्पेशल रेलसेवा सात दिसंबर को हिसार से 05.50 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर 12.40 बजे पहुंचेगी। यह इसी दिन दोपहर एक बजे रवाना होकर सोमवार को 10.45 बजे खडकी पहुंचेगी। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 04726 खडकी-हिसार स्पेशल रेलसेवा आठ दिसंबर को खडकी से 17.00 बजे रवाना होकर नौ दिसंबर को जयपुर स्टेशन पर 14.40 बजे आगमन व 14.50 बजे रवाना होकर 22.25 बजे हिसार पहुंचेगी। यह रेल सेवा मार्ग में सादुलपुर, लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनू, नवलगढ़, सीकर, रींगस, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, कोटा, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, गोधरा, वडोदरा, भरूच, सूरत, वलसाड, वापी, वसई रोड, कल्याण, लोणावला व चिंचवड स्टेशन पर रुकेगी।
दक्षिण रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की
दक्षिण रेलवे ने शनिवार को देश भर में इंडिगो की उड़ान सेवाओं में जारी व्यवधान के मद्देनजर यात्रियों की भीड़ को कम करने के लिए विशेष ट्रेन चलाने सहित कई उपायों की घोषणा की। दक्षिण-मध्य रेलवे ने भी घोषणा की कि वह उड़ानों में व्यवधान को देखते हुए चार विशेष ट्रेन संचालित करेगा। दक्षिण रेलवे ने चेन्नई एग्मोर और चारलापल्ली (तेलंगाना) तथा सिकंदराबाद और चेन्नई एग्मोर के बीच विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की। इसी के साथ उसने लंबी दूरी की चुनिंदा ट्रेन में एक अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्देश दिया है।
दक्षिण रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 06019 ‘चेन्नई एग्मोर-चारलापल्ली एक्सप्रेस स्पेशल’ शनिवार रात 11 बजकर 55 मिनट पर चेन्नई एग्मोर से रवाना होगी और सात दिसंबर को अपराह्न दो बजे चारलापल्ली पहुंचेगी। चेन्नई में जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, “वापसी के दौरान ट्रेन संख्या 06020 ‘चारलापल्ली-चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस स्पेशल’ सात दिसंबर 2025 (रविवार) को शाम छह बजे चारलापल्ली से रवाना होगी और अगले दिन साढ़े आठ बजे चेन्नई एग्मोर पहुंचेगी।
इसके अलावा, दक्षिण रेलवे ने छह से 10 दिसंबर के बीच की यात्राओं के लिए तिरुचिरापल्ली-जोधपुर हमसफर एक्सप्रेस, डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-तिरुवनंतपुरम सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस और मुंबई सीएसटी-चेन्नई बीच सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में एक अतिरिक्त ‘वातानुकुलित तीन टियर कोच’ जोड़ने की घोषणा की। वहीं, दक्षिण-मध्य रेलवे ने कहा कि वह शनिवार को हैदराबाद से चेन्नई, मुंबई और शालीमार (कोलकाता) के लिए विशेष ट्रेन का संचालन करेगा।
