एक और पति की हत्या; शादी के बाद कोचिंग में इश्क! हसबैंड बना लवलाइफ का कांटा तो पत्नी ने प्रेमी संग उतारा मौत के घाट
- Reported by: लखवीर सिंह शेखावतEdited by: Nilesh Dwivedi
- Updated Dec 7, 2025, 11:29 PM IST
डीडवाना–कुचामन जिले के गच्छीपुरा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय सुरेश दादरवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में यह एक सुनियोजित हत्या का मामला निकला। पुलिस ने मामले में सुरेश की पत्नी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
एक और पति की हत्या; शादी के बाद कोचिंग में इश्क! हसबैंड बना लवलाइफ का कांटा तो पत्नी ने प्रेमी संग उतारा मौत के घाट
Didwana-Kuchaman News: डीडवाना–कुचामन जिले के गच्छीपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बोरावड़ रोड पर 24 वर्षीय सुरेश दादरवाल का शव सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिला था। शुरुआती तौर पर इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच के बाद यह एक सुनियोजित हत्या का मामला निकला। जानकारी के अनुसार, सुरेश दादरवाल खेत से बाइक लेकर घर लौट रहा था, जबकि उसके परिजन पीछे-पीछे ट्रैक्टर से आ रहे थे। जब घरवाले मौके पर पहुंचे तो सुरेश सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता की ओर से गच्छीपुरा पुलिस थाने में एक्सीडेंट की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी।
धारदार हथियार से हमने की चोटें
हालांकि, पुलिस को सुरेश के गले और पीठ पर चोट के निशान देखकर संदेह हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि ये चोटें सड़क दुर्घटना से नहीं बल्कि धारदार हथियार से की गई थीं। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर मामले की गहराई से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी रेखा, उसके प्रेमी राजूराम और एक अन्य आरोपी जीवण राम को गिरफ्तार किया।
ऐसे रची गई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि रेखा कुचामन शहर में कोचिंग के दौरान राजूराम के संपर्क में आई थी और दोनों के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से संबंध थे। पुलिस के अनुसार, शादीशुदा होने के कारण रेखा और राजूराम के रिश्ते में रुकावटें आ रही थीं। इसी कारण दोनों ने मिलकर सुरेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची। प्लान के तहत घटना से कुछ दिन पहले रेखा अपने पिता के घर महाराष्ट्र चली गई थी, और 29 नवंबर की देर शाम को राजूराम ने अपने दोस्त जीवण राम की मदद से सुरेश दादरवाल की हत्या कर दी। फिलहाल गच्छीपुरा पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की तह तक जाने के लिए आगे की जांच जारी है।