Rajasthan High Court Bomb Threat: राजस्थान हाई कोर्ट की जयपुर बेंच में मंगलवार सुबह एक बार फिर बम की धमकी मिली। जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। अचानक सभी केसों की सुनवाई रोक दी गई। कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। धमकी की सूचना मिलते ही बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड और QRT टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन तलाशी शुरू कर दी। तीन वर्किंग डे में यह तीसरी बार है, जब हाई कोर्ट को बम की धमकी मिली है।
सुनवाई के बीच मिली धमकी की सूचना
चश्मदीदों के अनुसार मंगलवार सुबह विभिन्न बेंचों में सुनवाई चल रही थी। तभी कोर्ट रूम में सूचना पहुंची की बम की धमकी मिली है और पूरे परिसर को तुरंत खाली करना है। न्यायधीशों ने कार्यवाही को फौरन रोक दिया और सुरक्षाकर्मियों से लोगों को बाहर निकालने के लिए निर्देश दिया। अंदर मौजूद लोग अपनी फाइलें, बैग और जरूरी दस्तावेज वहीं छोड़कर तेजी से बाहर की तरफ भागने लगे। कुछ ही देर में पूरा परिसर खाली हो गया।
हाई कोर्ट के चारों दरवाजों पर सुरक्षा सख्त
धमकी की सूचना मिलते ही जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की टीमें, बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) मौके पर पहुंच गईं। हाई कोर्ट के चारों मुख्य द्वार बंद कर दिए और सुरक्षा बढ़ा दी गई। बीडीएस टीमें अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से कोर्ट रूम, वकीलों के चैंबर, पार्किंग क्षेत्र और प्रशासनिक खंड की गहन तलाशी ले रही हैं।
सेंट्रल एजेंसियों की ली जा रही मदद
राजस्थान हाई कोर्ट में बार-बार मिल रही धमकियों से वकीलों और न्यायिक कर्मचारियों में गहरी नाराजगी और भय दोनों दिखाई दिया। एडिशनल सीपी क्राइम मनीष अग्रवाल ने बताया कि धमकी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसलिए सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत परिसर को खाली कराना जरूरी था। उन्होंने बताया कि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि लगातार बम की धमकी कौन दे रहा है। इस मामले में सेंट्रल एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है।
